WhatsApp ने ऐसा फीचर पेश किया है जिससे नए लोगों से बातचीत के लिए मोबाइल नंबर साझा करने की जरूरत नहीं होगी। जानिए Username फीचर कैसे काम करेगा, किन यूजर्स को मिलेगा और प्राइवेसी पर इसका क्या असर पड़ेगा
दुनियाभर में अरबों लोग WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं। इस एप में अभी तक किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करना जरूरी था। लेकिन अब कंपनी इस व्यवस्था को बदलने जा रही है। नए Username फीचर के जरिए यूजर्स अपना नंबर बताए बिना भी चैट शुरू कर सकेंगे। इससे व्यक्तिगत जानकारी पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित रहेगी।
कंपनी ने इस फीचर की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया है कि इसकी शुरुआत चरणबद्ध तरीके से होगी। जिन यूजर्स के लिए यह सुविधा उपलब्ध होगी, उन्हें ऐप के भीतर नोटिफिकेशन मिलेगा। इसके साथ ही पसंदीदा Username पहले से रिजर्व करने का विकल्प भी दिया जा रहा है, ताकि एक ही नाम को लेकर विवाद की स्थिति न बने।
यूजरनेम से होगी पहचान
अब तक किसी से पहली बार संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर जरूरी होता था। यूजरनेम फीचर सक्रिय होने के बाद यूजर अपना फोन नंबर साझा किए बिना केवल Username के जरिए बातचीत शुरू कर सकेगा। खास बात यह है कि पहली बार संपर्क करने वाले व्यक्ति को मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा, जिससे प्राइवेसी पहले से अधिक मजबूत होगी।
प्राइवेसी की जरूरत से जुड़ा बड़ा बदलाव
वाट्सएप का कहना है कि कई लोग ऑफिस, सोसायटी, इवेंट, क्लास या अन्य समूहों में शामिल तो होना चाहते हैं। लेकिन हर किसी के साथ निजी नंबर साझा नहीं करना चाहते। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह फीचर तैयार किया गया है। इससे नए लोगों से जुड़ना आसान होगा, जबकि व्यक्तिगत संपर्क जानकारी सुरक्षित रहेगी।
Username रिजर्व करने का विकल्प क्यों
कंपनी के अनुसार WhatsApp के दुनिया भर में 3 अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में एक जैसे यूजरनेम की मांग होना स्वाभाविक है। इसी वजह से फीचर के साथ यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा भी शुरू की गई है, ताकि यूजर्स अपनी पसंद का नाम पहले ही सुरक्षित कर सकें। अगर किसी को Username चुनने में परेशानी होती है तो ऐप एक Username Generator भी उपलब्ध कराएगा, जो उपयुक्त सुझाव देगा।
क्रिएटर्स और कारोबारियों को भी मिलेगा फायदा
यह फीचर कंटेंट क्रिएटर्स, इंफ्लुएंसर्स, छोटे कारोबार और संस्थानों के लिए भी उपयोगी माना जा रहा है। यदि किसी के पास Instagram या Facebook पर पहले से कोई स्थापित Username है, तो वह उसी पहचान को WhatsApp पर भी इस्तेमाल कर सकेगा। इससे Meta के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक जैसी डिजिटल पहचान बनाए रखना आसान होगा।
पब्लिक सर्च नहीं होगी उपलब्ध
WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव ऐप को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में नहीं बदलेगा। Username की कोई सार्वजनिक डायरेक्टरी नहीं होगी और लोग किसी का Username सर्च करके प्रोफाइल नहीं ढूंढ सकेंगे। किसी यूजर से संपर्क करने के लिए उसका सही Username पहले से पता होना जरूरी रहेगा। इससे अनचाहे संपर्क की संभावना भी सीमित रहेगी।
सुरक्षा के लिए मिलेगा यूजरनेम Key
कंपनी ने Username Key नाम का अतिरिक्त सुरक्षा विकल्प भी तैयार किया है। यदि कोई यूजर इसे सक्रिय करता है तो नए व्यक्ति के लिए केवल Username जानना पर्याप्त नहीं होगा। संपर्क करने के लिए अतिरिक्त Key की भी आवश्यकता पड़ सकती है। इससे अनजान लोगों की पहुंच और सीमित हो जाएगी तथा अकाउंट की सुरक्षा एक स्तर और मजबूत होगी।
ऐसे मिलेगा नया फीचर
जिस यूजर के पास वाट्सएप का नया वर्जन होगा और उसके अकाउंट पर यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी, वह Settings > Account > Username में जाकर अपना Username रिजर्व कर सकेगा। फिलहाल यह फीचर सभी यूजर्स तक नहीं पहुंचा है। कंपनी आने वाले महीनों में इसे चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग देशों के यूजर्स के लिए जारी करेगी।