फोन चोरी या गुम होने पर घबराएं नहीं। जानिए CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक करने का तरीका, पुलिस शिकायत और फोन सुरक्षित रखने के 5 जरूरी कदम।
डिजिटल डेस्क। आज के समय में स्मार्टफोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि बैंकिंग, यूपीआई, सोशल मीडिया, निजी दस्तावेज और कई जरूरी जानकारियों का केंद्र बन चुका है। ऐसे में यदि फोन चोरी हो जाए या कहीं गुम हो जाए, तो घबराने के बजाय तुरंत सही कदम उठाना जरूरी है। केंद्र सरकार का CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल ऐसे मामलों में मोबाइल को ब्लॉक करने और ट्रैक करने में मदद करता है।
सबसे पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं
फोन गुम होने या चोरी होने पर सबसे पहले नजदीकी पुलिस थाने में एफआईआर या शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस शिकायत का रिकॉर्ड आगे की कार्रवाई और CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक करने के लिए आवश्यक होता है।
CEIR पोर्टल पर तुरंत मोबाइल ब्लॉक करें
पुलिस शिकायत के बाद CEIR पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक करें। इससे चोरी हुआ फोन भारतीय मोबाइल नेटवर्क पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा और उसे ट्रैक करने में भी सहायता मिलेगी।
CEIR पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन
- CEIR पोर्टल खोलें।
- Block Stolen/Lost Mobile विकल्प चुनें।
- 15 अंकों का IMEI नंबर, मोबाइल मॉडल और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- फोन खोने की तारीख और स्थान की जानकारी भरें।
- पुलिस शिकायत की कॉपी और पहचान पत्र अपलोड करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद मिलने वाली Request ID से आवेदन की स्थिति ट्रैक करें।
शिकायत दर्ज कराते समय ये जानकारी जरूर दें
- मोबाइल का 15 अंकों का IMEI नंबर
- मोबाइल का ब्रांड और मॉडल
- सिम कार्ड का नंबर
- घटना की तारीख, समय और स्थान
- यदि उपलब्ध हो तो खरीद का बिल
IMEI नंबर क्यों है जरूरी?
IMEI (International Mobile Equipment Identity) हर मोबाइल का एक यूनिक पहचान नंबर होता है। इसी नंबर के आधार पर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक किया जाता है। इसलिए नया फोन खरीदने के बाद उसका IMEI नंबर और बिल हमेशा सुरक्षित रखें।
सलाह: फोन में पहले से स्क्रीन लॉक, Find My Device या Find My iPhone जैसी सुरक्षा सुविधाएं सक्रिय रखें। इससे फोन खोने की स्थिति में उसे ढूंढना या डेटा सुरक्षित रखना आसान हो जाता है।