आईपीएल 2026 में आज आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। आरसीबी जीतते ही प्लेऑफ में पहुंच जाएगी, जबकि पंजाब के लिए करो या मरो की स्थिति है।
आईपीएल 2026 में रविवार को होने वाला डबल हेडर बेहद रोमांचक होने वाला है। दिन के पहले मुकाबले में Punjab Kings और Royal Challengers Bengaluru आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
प्लेऑफ की तस्वीर के लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। आरसीबी अगर यह मुकाबला जीत जाती है तो उसकी प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो जाएगी। वहीं पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है।
पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में आरसीबी
आरसीबी ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। टीम 12 मैचों में 16 अंक लेकर फिलहाल अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है। दूसरी ओर पंजाब किंग्स 12 मैचों में 13 अंक लेकर चौथे स्थान पर है।अगर पंजाब यह मैच हारती है तो उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल हो सकती है। ऐसे में टीम पर दबाव भी ज्यादा रहने वाला है।
पंजाब के ओपनर्स शानदार फॉर्म में
पंजाब किंग्स के लिए इस सीजन ओपनिंग जोड़ी ने लगातार दमदार शुरुआत दी है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने 11 पारियों में 494 रन जोड़े हैं।Prabhsimran Singh ने 11 मैचों में 439 रन बनाए हैं, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। वहीं Priyansh Arya ने 217 के स्ट्राइक रेट से 364 रन ठोके हैं।दोनों बल्लेबाजों की तेज शुरुआत पंजाब के लिए सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है।
पंजाब के खिलाफ विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार
Virat Kohli इस सीजन शानदार लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 12 पारियों में 484 रन बनाए हैं। उनका औसत 53.8 और स्ट्राइक रेट 166 का रहा है।कोहली खास तौर पर पंजाब किंग्स के खिलाफ हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में पंजाब के खिलाफ 1159 रन बनाए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन हैं।पिछली बार धर्मशाला में पंजाब के खिलाफ खेलते हुए कोहली ने 47 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें आरसीबी ने 19 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स को 18 मुकाबलों में जीत मिली है।पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच चार मुकाबले हुए थे, जिनमें तीन मैच आरसीबी ने अपने नाम किए थे। ऐसे में मनोवैज्ञानिक बढ़त भी बेंगलुरु के पास दिखाई दे रही है।
धर्मशाला की पिच पर बल्लेबाजों की नजर
धर्मशाला का मैदान तेज आउटफील्ड और उछाल वाली पिच के लिए जाना जाता है। यहां बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं। दोनों टीमों के पास विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं, ऐसे में मुकाबला हाई स्कोरिंग होने की उम्मीद है।प्लेऑफ की रेस को देखते हुए यह मैच आईपीएल 2026 के सबसे अहम मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।