ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए कोच की तलाश तेज हो गई है। राहुल द्रविड़ का नाम भी ECB की संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताया जा रहा है।
इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) नए चेहरे की तलाश में जुटा है। इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी उन चुनिंदा नामों में शामिल हैं, जिन पर बोर्ड गंभीरता से विचार कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक द्रविड़ के अलावा एंडी फ्लावर, एंड्रयू फ्लिंटॉफ और जस्टिन लैंगर जैसे अनुभवी नाम भी संभावित दावेदारों की सूची में हैं। हालांकि ECB ने अभी तक नए टेस्ट कोच के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
द्रविड़ की कोचिंग प्रोफाइल क्यों मानी जा रही मजबूत
राहुल द्रविड़ की पहचान ऐसे कोच के रूप में रही है, जिन्होंने युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और लंबी अवधि की टीम निर्माण प्रक्रिया पर खास ध्यान दिया। उनके कार्यकाल में भारत ने 2024 टी-20 विश्व कप का खिताब जीता, जबकि टीम 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक भी पहुंची थी। इससे पहले भारत की अंडर-19 और इंडिया ए टीम के साथ उनके काम की भी काफी सराहना हुई थी।
फुल-टाइम भूमिका को लेकर बनी हुई है असमंजस
डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ फिलहाल पूर्णकालिक कोचिंग की जिम्मेदारी लेने के इच्छुक नहीं बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि केवल टेस्ट टीम के साथ काम करने का विकल्प उन्हें परिवार के साथ अधिक समय बिताने और सीमित कार्यक्रम में योगदान देने का अवसर दे सकता है। ऐसे में ECB उनकी उपलब्धता और रुचि दोनों को परखना चाहेगा।
एंडी फ्लावर समेत कई दिग्गज रेस में
पूर्व जिम्बाब्वे कप्तान एंडी फ्लावर को इस पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उनके कार्यकाल में इंग्लैंड ने तीन एशेज सीरीज जीती थीं और टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान भी हासिल किया था। हाल के वर्षों में उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी सफल कोच के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वहीं एंड्रयू फ्लिंटॉफ, जस्टिन लैंगर, रिचर्ड डॉसन, कुमार संगकारा और पाकिस्तान के मौजूदा मुख्य कोच माइक हेसन के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं।
एशेज से पहले जल्द फैसला चाहता है ECB
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड अगले साल होने वाली एशेज सीरीज को ध्यान में रखते हुए टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच की नियुक्ति जल्द करना चाहता है। ऐसे में आने वाले दिनों में चयन प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। फिलहाल राहुल द्रविड़ के नाम को लेकर चर्चा जरूर है, लेकिन उनकी नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।