आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला आज वानखेड़े में होगा। हेड-टू-हेड में MI का पलड़ा भारी, दोनों टीमें जीत से शुरुआत चाहेंगी।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन के आगाज के साथ दूसरा मुकाबला रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। इस लीग की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस (एमआई) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) आमने-सामने होंगी।
दोनों टीमों के लिए पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। एमआई का सफर प्लेऑफ में जाकर खत्म हुआ था, वहीं केकेआर की टीम टॉप-4 में जगह बनाने में भी सफल नहीं हो सकी थी। ऐसे में नए सीजन में दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ शुरुआत करने पर होंगी। मुंबई की कप्तानी लगातार तीसरे सीजन हार्दिक पांड्या संभालेंगे, जबकि कोलकाता की कमान इस बार भी अजिंक्य रहाणे के हाथों में होगी।
मुंबई का पलड़ा भारी
मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच अब तक 35 मैच खेले गए हैं, जिनमें मुंबई का पलड़ा भारी रहा है। मुंबई ने 24 मुकाबले जीते हैं, जबकि केकेआर केवल 11 मैच जीत सकी है।मुंबई ने 2008 और 2009 में खेले गए सभी चार मुकाबले अपने नाम किए थे। 2010 में मुंबई को दो में से एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। 2011 में दोनों मुकाबले मुंबई ने जीते। 2012 में एक-एक मुकाबले में जीत और हार मिली। 2013 में एमआई ने दोनों मैच जीते।2014 और 2015 में दोनों टीमें चार मैचों में आमने-सामने रहीं, जिनमें केकेआर ने तीन मुकाबले जीते। 2016 से 2018 के बीच मुंबई ने लगातार सात मैच जीते। 2019 में एक मैच जीता और एक हारा। 2020 में मुंबई ने दोनों मैच अपने नाम किए। 2021 में दोनों टीमों के बीच मुकाबले 1-1 से बराबरी पर रहे।पिछले चार सीजन में दोनों टीमों के बीच छह मैच खेले गए, जिनमें केकेआर ने चार मुकाबले जीते हैं।
मुंबई की बैटिंग लाइनअप मजबूत
हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के पास अनुभव और संतुलन दोनों मौजूद हैं। टीम की बैटिंग लाइनअप मजबूत है, जो छोटे स्कोर को बड़े स्कोर में बदलने या बड़े लक्ष्य का सफल पीछा करने में सक्षम है।टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा टीम को मजबूत शुरुआत देते हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव अपनी आक्रामक और नवोन्मेषी बल्लेबाजी शैली से गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं।
केकेआर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
कोलकाता नाइट राइडर्स इस मुकाबले में कुछ सवालों और संभावनाओं के साथ उतर रही है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।टीम की बैटिंग लाइनअप में आक्रामकता और स्थिरता का मिश्रण है। फिन एलन, सुनील नारायण और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं, हालांकि उनका प्रदर्शन पिच और परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगा।
दोनों टीमों के स्क्वॉड
मुंबई इंडियंस:रॉबिन मिंज, नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकलटन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, राज बावा, विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, मिशेल सेंटनर, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, मयंक मार्कंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डी कॉक, एएम गजनफर, रघु शर्मा, मयंक रावत, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, मोहम्मद सलाउद्दीन इजहार।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, फिन एलन, कैमरून ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, नवदीप सैनी।
खिताब का रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स तीन बार (2012, 2014 और 2024) खिताब जीत चुकी है।