23 फरवरी को मंगल कुंभ राशि में प्रवेश करेगें। जिससे कई राशियों को धन और करियर में बड़ा लाभ मिलने वाला है।
23 फरवरी को बन रहा है एक विशेष संयोग। क्योंकि इस दिन मंगल ग्रह कुंभ राशि में प्रवेश कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस राशि में पहले से राहु, बुध, सूर्य और शुक्र की युति से चतुर्ग्रही योग बना हुआ है। इसका सीधा असर मुख्य रूप से चार राशियों पर पड़ेगा। इन राशियों को करियर, धन और बिजनेस में लाभ मिलने वाला है।
भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार मंगल साहस, ऊर्जा, पराक्रम और निर्णय क्षमता का कारक ग्रह है। कुंडली में मंगल की शुभ स्थिति व्यक्ति को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सफलता दिलाने की क्षमता देती है। शनि की राशि कुंभ में मंगल का प्रवेश कई राशियों के लिए करियर और आर्थिक मोर्चे पर विशेष अवसर लेकर आ सकता है।
इन राशियों की बदलेगी किस्मत-
1. मेष राशि –
इस राशि के जातकों के लिए मंगल ग्यारहवें भाव में गोचर कर रहे हैं, जिसे लाभ और इच्छाओं की पूर्ति का स्थान माना जाता है। मेष राशि वालों के रूके हुए सभी काम पूरे हो सकते हैं। परिवार, विशेषकर माता-पिता का आर्थिक और नैतिक सहयोग मिलने की संभावना है। व्यापार से जुड़े लोगों को अच्छे सौदे और लाभ मिल सकते हैं। यदि कोई कानूनी मामला लंबे समय से चल है तो उसमें सकारात्मक प्रगति देखने को मिल सकती है।
इस अवधि में आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप नए संपर्कों के माध्यम से अवसरों का लाभ उठा पाएंगे।
2. वृषभ राशि –
वृषभ राशि वालों के लिए मंगल का गोचर दशम भाव में हो रहा है, जो पेशे, प्रतिष्ठा और पिता से संबंधित माना जाता है। यह समय करियर में महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिला सकता है। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति, वेतन वृद्धि या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में लाभ के संकेत हैं। यदि कोई जमीन-जायदाद का विवाद चल रहा है तो उसमें समाधान की दिशा मिल सकती है। परिवार में सामंजस्य बढ़ेगा और स्वास्थ्य भी बेहतर रहने की संभावना है। यह समय सामाजिक मान-सम्मान बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।
3. सिंह राशि –
सिंह राशि के लिए मंगल का गोचर चतुर्थ भाव में हो रहा है, जो घर, जमीन, वाहन और माता से जुड़ा होता है। इस अवधि में घरेलू सुख-सुविधाओं में वृद्धि संभव है। नया वाहन या संपत्ति खरीदने की योजना सफल हो सकती है। माता का सहयोग और आशीर्वाद आपके लिए लाभकारी रहेगा। घर का वातावरण सकारात्मक और उत्साहपूर्ण रहेगा।
4. वृश्चिक राशि –
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए मंगल दूसरे भाव में गोचर कर रहे हैं, जो धन, वाणी और पारिवारिक मूल्यों से संबंधित है। यह समय आर्थिक रूप से सुदृढ़ता प्रदान कर सकता है। धन-संपत्ति में बढ़ोतरी के संकेत हैं और आवश्यक संसाधनों की कमी महसूस नहीं होगी। ससुराल पक्ष से सहयोग या लाभ मिल सकता है। घर में धार्मिक आयोजन या कोई शुभ कार्य संपन्न हो सकता है। आपके निर्णय सटीक और लाभदायक साबित होंगे, जिससे आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिरता दोनों मजबूत होंगी।
कुंभ राशि में मंगल का यह गोचर साहस, रणनीति और कार्यक्षमता को बढ़ाने वाला रहेगा। जिन जातकों की कुंडली में मंगल शुभ स्थिति में हैं, उनके लिए यह समय विशेष उपलब्धियां दिला सकता है।