IPL 2026 में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बड़ा मुकाबला होगा। LSG बदला लेने उतरेगी, जबकि CSK लगातार चौथी जीत की तलाश में है।
आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में शुक्रवार को Lucknow Super Giants और Chennai Super Kings आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स अब सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स लगातार चौथी जीत दर्ज कर अपनी लय बरकरार रखना चाहेगी। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत में चेन्नई ने लखनऊ को हराया था, ऐसे में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम इस बार बदला लेने के इरादे से उतरेगी।
लखनऊ के बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी
पिछले मुकाबले में लखनऊ की हार की सबसे बड़ी वजह खराब गेंदबाजी और मिडिल ऑर्डर का फ्लॉप प्रदर्शन रहा था। इस बार टीम को मिशेल मार्श, निकोलस पूरन और एडेन मार्कराम जैसे अनुभवी बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कप्तान Rishabh Pant पर भी दबाव रहेगा, क्योंकि टीम लगातार अहम मौकों पर लड़खड़ाई है। वहीं जोश इंगलिस को तेज शुरुआत देने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
संजू सैमसन बने चेन्नई की सबसे बड़ी ताकत
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए Sanju Samson शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। पिछले मैच में भी उन्होंने लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी।लखनऊ के गेंदबाज मोहम्मद शमी और दिग्वेश राठी को संजू को जल्दी आउट करना होगा, नहीं तो मैच एकतरफा हो सकता है। चेन्नई की बल्लेबाजी में रुतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे भी अच्छी लय में दिख रहे हैं।
चेन्नई को झटका, ओवर्टन बाहर
चेन्नई सुपर किंग्स को मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर जेमी ओवर्टन चोट के कारण इंग्लैंड लौट गए हैं। उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर डियान फॉरेस्टर को टीम में शामिल किया गया है।फॉरेस्टर ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया है और उन्हें 75 लाख रुपए में टीम से जोड़ा गया है। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देंगे।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जायंट्स:मिशेल मार्श, जोश इंगलिस, निकोलस पूरन, Rishabh Pant (कप्तान/विकेटकीपर), एडेन मार्कराम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, आवेश खान
चेन्नई सुपर किंग्स: Sanju Samson (विकेटकीपर), Ruturaj Gaikwad (कप्तान), उर्वेल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, कार्तिक शर्मा, एकील होसेन, शिवम दुबे, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, प्रशांत वीर, मुकेश चौधरी, डियान फॉरेस्टर
इकाना की पिच पर किसे मिलेगा फायदा?
इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है, जहां स्पिनर्स को मदद मिलती है। ऐसे में नूर अहमद और शाहबाज अहमद जैसे गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।हालांकि शाम के मैच में ओस भी बड़ा फैक्टर बन सकती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।