आईपीएल 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी के बीच गुवाहाटी में मुकाबला होगा। विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की टक्कर पर सभी की नजरें टिकी हैं।
आईपीएल 2026 में 10 अप्रैल, शुक्रवार रात राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले में दर्शकों को सबसे ज्यादा विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की टक्कर का इंतजार रहेगा। दोनों खिलाड़ी इस समय शानदार फॉर्म में हैं।
इस मैदान पर पिछला मुकाबला बारिश की वजह से बाधित रहा था, लेकिन राजस्थान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी। बेंगलुरु के खिलाफ भी वह अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। हालांकि, ओवरऑल हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में आरसीबी का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 33 मैच खेले गए हैं, जिनमें आरआर ने 14 और आरसीबी ने 17 मैच जीते हैं, जबकि दो मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।

यशस्वी-वैभव से सावधान रहे बेंगलुरु
राजस्थान के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में हैं। पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दोनों ने ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजों के खिलाफ प्रभावी बल्लेबाजी की थी। ऐसे में बेंगलुरु के गेंदबाजों, खासकर भुवनेश्वर कुमार और जैकब डफी के लिए ये चुनौती बन सकते हैं। यशस्वी अब तक तीन पारियों में 170 रन बना चुके हैं।

संदीप ने कोहली को किया है परेशान
विराट कोहली की नजरें एक तरफ आईपीएल में अपने 300 छक्के पूरे करने पर होंगी, वहीं दूसरी ओर आरआर के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा के खिलाफ उनका रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। अब तक 18 पारियों में संदीप ने कोहली को सात बार आउट किया है। ऐसे में दोनों के बीच की टक्कर खास रहने वाली है।
डेथ ओवर्स में टिम डेविड हो सकते हैं खतरनाक
राजस्थान को डेथ ओवर्स में टिम डेविड को जल्द आउट करना होगा, नहीं तो वह मैच का रुख बदल सकते हैं। आईपीएल 2025 से डेविड का 17 से 20 ओवर के बीच स्ट्राइक रेट 237 रहा है। वहीं, न्यूनतम 100 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट 201 के साथ दूसरे स्थान पर रहा है। इससे साफ है कि आखिरी ओवरों में वह बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।