IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, 13 अप्रैल से 24 मई तक 50 मैच 12 शहरों में खेले जाएंगे, प्लेऑफ का ऐलान अभी बाकी।
आईपीएल 2026 को लेकर फैंस का इंतजार अब और दिलचस्प हो गया है। पहले चरण के बाद अब टूर्नामेंट के दूसरे फेज का पूरा कार्यक्रम सामने आ चुका है, जिससे साफ हो गया है कि कब और कहां टीमें प्लेऑफ की दौड़ में जोर लगाती दिखेंगी। बीसीसीआई ने दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। इससे पहले चुनावी व्यस्तताओं की वजह से सिर्फ शुरुआती मुकाबलों का ही ऐलान किया गया था।
13 अप्रैल से फिर शुरू होगी लीग
आईपीएल का दूसरा चरण 13 अप्रैल 2026 से शुरू होगा। इस दिन सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह फेज 24 मई तक चलेगा, जिसमें कुल 50 लीग मैच खेले जाने हैं। हालांकि, अभी प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों की तारीखों और वेन्यू का ऐलान नहीं किया गया है।
12 शहरों में होगा मुकाबलों का आयोजन
दूसरे चरण के मैच देश के 12 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, चैन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर,धर्मशाला,रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। टूर्नामेंट के इस हिस्से में टीमें अलग-अलग मैदानों पर खेलते हुए अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगी, जिससे पॉइंट्स टेबल में हलचल बढ़ने की पूरी उम्मीद है।

डबल-हेडर मैच भी होंगे
दूसरे चरण में कुल 8 डबल-हेडर मुकाबले रखे गए हैं। यानी एक ही दिन में दो मैच खेले जाएंगे। दोपहर के मैच 3:30 बजे से और शाम के मुकाबले 7:30 बजे से शुरू होंगे। यह शेड्यूल खासतौर पर वीकेंड पर फैंस के लिए ज्यादा क्रिकेट देखने का मौका देगा, और टीवी व्यूअरशिप भी बढ़ने की उम्मीद है।
टीमों के होम ग्राउंड तय
इस फेज में कई टीमों के घरेलू मैदान भी तय किए गए हैं। पंजाब किंग्स अपने होम मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें धर्मशाला में तीन मुकाबले होंगे। वहीं, राजस्थान रॉयल्स जयपुर में चार मैच खेलेगी। आरसीबी बेंगलुरु में तीन और रायपुर में दो घरेलू मुकाबले खेलेगी।
प्लेऑफ से पहले बढ़ेगा रोमांच
लीग का यह दूसरा चरण टूर्नामेंट के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। यही वह समय होगा जब टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी। पॉइंट्स टेबल में ऊपर-नीचे होने का सिलसिला तेज होगा, और हर मैच का असर सीधे क्वालीफिकेशन पर दिखेगा।