फीफा विश्व कप 2026 में पराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराया, जबकि मोरक्को ने नीदरलैंड्स को बाहर किया। ब्राजील ने जापान को 2-1 से हराया।
दो नॉकआउट मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट में, नीदरलैंड्स और जापान हारे
फीफा विश्व कप 2026 के 19वें दिन राउंड ऑफ 32 में फुटबॉल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। महज आठ घंटे के भीतर दो नॉकआउट मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जिसमें चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को पराग्वे और नीदरलैंड्स को मोरक्को ने चौंकाते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
वहीं, ब्राजील ने इंजरी टाइम में गैब्रियल मार्टिनेली के विजयी गोल की बदौलत जापान को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। अब फीफा विश्व कप के 20वें दिन तीन और नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें फ्रांस, नॉर्वे और मेक्सिको जैसी दिग्गज टीमों की अग्निपरीक्षा होगी।
पराग्वे ने किया सबसे बड़ा उलटफेर, पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को 4-3 से हराया
पराग्वे ने विश्व कप का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।फॉक्सबोरो में खेले गए मुकाबले में पराग्वे के शानदार प्रदर्शन के कारण जर्मनी विश्व कप के राउंड ऑफ 32 से बाहर होने वाली पहली दिग्गज टीम बन गई। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में विश्व रैंकिंग में 34वें स्थान पर काबिज पराग्वे ने 4-3 से जीत दर्ज की।
जर्मनी को काई हावर्ट्ज, निक वोल्टेमाडे और जोनाथन टाह के महत्वपूर्ण पेनल्टी मिस करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।मैच में पराग्वे के जूलियो एनसिसो ने 42वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके जवाब में जर्मनी ने 54वें मिनट में काई हावर्ट्ज के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।पहले हाफ में जर्मनी के पास 78 प्रतिशत समय तक गेंद पर कब्जा रहा, लेकिन इसके बावजूद वह पराग्वे के अप्रत्याशित हमलों को नहीं रोक सका और अंततः उसे हार का सामना करना पड़ा।