महाकौशल प्रांत के प्रांत कार्यवाह उत्तम बनर्जी के पिता दादा असीम बनर्जी का 95 वर्ष की आयु में निधन। नेत्रदान और देहदान के साथ राजकीय सम्मान से दी गई अंतिम विदाई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत के प्रांत कार्यवाह उत्तम बनर्जी के पिता दादा असीम बनर्जी का बुधवार सुबह 9 बजे बांधवगढ़ कॉलोनी स्थित निवास पर 95 वर्ष की आयु में ब्रह्मलीन हो गया। वे वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं मातृछाया के संरक्षक थे। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
उनकी इच्छा के अनुसार नेत्रदान एवं देहदान किया गया। दादा असीम बनर्जी वर्तमान में ‘मातृछाया सतना’ के संरक्षक के रूप में समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
प्रशासन ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
दोपहर 2:30 बजे दादा असीम बनर्जी का पार्थिव शरीर उनके निवास से शासकीय मेडिकल कॉलेज, सतना ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन एवं पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी गई।सायं 6 बजे तक सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं उपस्थित जनसमुदाय की भावभीनी अंतिम विदाई के बाद उनकी पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज को सौंप दी गई।इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं संघ के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से समाज के इस तपस्वी व्यक्तित्व को श्रद्धासुमन अर्पित किए।