योगी सरकार ने यूपी में 84 PCS अफसरों के ट्रांसफर किए हैं। वाराणसी के चर्चित ADM आलोक वर्मा को सुल्तानपुर भेजा गया, जबकि वरुण पांडेय को प्रयागराज में नई जिम्मेदारी मिली।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गुरुवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव में कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), नगर निगम और विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा वाराणसी के एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा के तबादले की हो रही है। उन्हें सुल्तानपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) बनाया गया है। आलोक वर्मा वही अधिकारी हैं, जो पिछले साल वाराणसी में होटल कारोबारी के साथ हुए विवाद को लेकर सुर्खियों में आए थे।
सिर से हमला करने के मामले में चर्चा में आए थे आलोक वर्मा
दरअसल, साल 2024 में वाराणसी के एक होटल में विवाद के दौरान आलोक कुमार वर्मा का वीडियो वायरल हुआ था। आरोप था कि उन्होंने होटल मालिक जफर अली खान और उनके भाई खुर्शीद पर सिर से हमला किया था। इस घटना ने प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा बटोरी थी।
अब योगी सरकार ने उन्हें वाराणसी से हटाकर सुल्तानपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में उनके तबादले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैंहालांकि सरकार की ओर से इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।
वरुण पांडेय को प्रयागराज में नई जिम्मेदारी
झांसी के एडीएम वरुण कुमार पांडेय को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, प्रयागराज का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। वरुण पांडेय उस समय चर्चा में आए थे, जब 15 नवंबर 2024 को झांसी मेडिकल कॉलेज में हुए अग्निकांड के दौरान उन्होंने राहत और बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उस दौरान उनके काम की काफी सराहना हुई थी।
कई जिलों में बदले गए ADM और CRO
प्रशासनिक फेरबदल में बरेली के एडीएम सिटी सौरभ दुबे का भी तबादला किया गया है। उन्हें बहराइच में मुख्य राजस्व अधिकारी और उप संचालक चकबंदी बनाया गया है। वहीं फतेहपुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के पद पर तैनात अविनाश त्रिपाठी को बरेली का नया अपर जिलाधिकारी (नगर) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा खुर्जा-बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की सचिव ज्योत्सना यादव को हटाकर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ का कुलसचिव बनाया गया है।