Breaking News
  • हमारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश

UP Mango Festival Yogi

यूपी के आम दुनिया में क्यों बना रहे पहचान? मैंगो फेस्टिवल में मुख्यमंत्री योगी ने गिनाईं बड़ी वजहें

लखनऊ में यूपी मैंगो फेस्टिवल का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम उत्पादन और निर्यात पर बड़ा दावा किया। जानिए कैसे यूपी का आम ब्रिटेन से कतर तक अपनी मिठास का परचम लहरा रहा है।


यूपी के आम दुनिया में क्यों बना रहे पहचान मैंगो फेस्टिवल में मुख्यमंत्री योगी ने गिनाईं बड़ी वजहें

CM Yogi Adityanath Inaugurated Mango Festival |

लखनऊ। उत्तर प्रदेश का आम अब वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहा है। लखनऊ में शुरू हुए तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश मैंगो फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में प्रदर्शित करीब आधा किलो वजनी आम ने भी सभी का ध्यान खींचा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में आम की खेती के कुल क्षेत्रफल में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी सिर्फ 9 प्रतिशत है। लेकिन उत्पादन में प्रदेश अकेले 26 प्रतिशत योगदान देता है। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों को बेहतर बाजार और निर्यात के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराना भी है।

आम की 800 से ज्यादा किस्मों ने खींचा ध्यान

मैंगो फेस्टिवल में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 800 किस्म के आम प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें मलिहाबाद का दशहरी, वाराणसी और गोरखपुर का लंगड़ा, बागपत और सहारनपुर का रतौल तथा बस्ती का आम्रपाली प्रमुख आकर्षण रहे। प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न किस्मों का अवलोकन किया और करीब आधा किलो वजनी आम को हाथ में लेकर तस्वीर भी खिंचवाई।

किसानों की कमाई बढ़ाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक एकड़ में वैज्ञानिक तरीके से आम की खेती करने वाला किसान करीब 2.5 लाख रुपये तक की शुद्ध आय अर्जित कर सकता है। यदि खेती को प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात से जोड़ा जाए तो किसानों की आमदनी कई गुना बढ़ सकती है। इसी उद्देश्य से इस महोत्सव में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और खरीदारों को एक मंच पर लाया गया है।

'काकोरी' ब्रांड से मिली नई पहचान

मलिहाबाद के प्रसिद्ध दशहरी आम को पहले ही जीआई टैग मिल चुका है। इससे उसकी वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। राज्य सरकार ने इसे 'काकोरी' ब्रांड के तहत बढ़ावा दिया है। सरकार का कहना है कि यह नाम काकोरी कांड के शहीदों को सम्मान देने के साथ प्रदेश के किसानों की मेहनत और उत्पाद की गुणवत्ता को नई पहचान देने का प्रयास है।

ब्रिटेन से कतर तक पहुंच रहा यूपी का आम

उत्तर प्रदेश से आम के निर्यात को गति देने के लिए सहारनपुर, लखनऊ, अमरोहा और वाराणसी में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं, जहां ग्रेडिंग, छंटाई और पैकेजिंग की सुविधा उपलब्ध है। इन व्यवस्थाओं के जरिए यूपी का आम अब ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर और रूस जैसे देशों तक पहुंच रहा है। इसके अलावा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए इंटीग्रेटेड टेस्टिंग एंड ट्रीटमेंट पार्क विकसित करने की भी तैयारी की जा रही है।

Related to this topic: