Breaking News
  • मानहानि केस: राहुल गांधी की सुल्तानपुर कोर्ट में हुई पेशी, 9 मार्च को अगली सुनवाई
  • असम में गृह मंत्री अमित शाहः भारत-बांग्लादेश सीमा पर वाइब्रेंट विलेज 2.0 लॉन्च
  • नई दिल्ली: AI इंपैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस का हंगामा, हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ता
  • शिवाजी जयंती पर हंगामा: कर्नाटक में जुलूस पर पथराव, हैदराबाद में हिंदू-मुस्लिम पक्ष में विवाद
  • मैहर में पुतला दहन के रोकने के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी झुलसे, ICU में भर्ती
  • AI कंटेंट पर ‘लेबल’ अनिवार्य: 3 घंटे में हटाना होगा डीपफेक, आज से नियम लागू

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

यूपी बोर्ड में लाखों छात्र गैरहाजिर

यूपी बोर्ड परीक्षा में 3 लाख से ज्यादा छात्र अनुपस्थित, नकलचियों पर सख्ती

उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा के दो दिन में 3.40 लाख से ज्यादा छात्र अनुपस्थित रहे। नकल पर सख्ती करते हुए चार छात्र पकड़े गए और छह पर एफआईआर दर्ज हुई।


यूपी बोर्ड परीक्षा में 3 लाख से ज्यादा छात्र अनुपस्थित नकलचियों पर सख्ती

लखनऊः एशिया के सबसे बड़े शिक्षा बोर्ड उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं में इस बार अनुपस्थित रहने वाले छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दूसरे दिन की परीक्षा तक तीन लाख से अधिक परीक्षार्थी एग्जाम छोड़ चुके हैं। 19 फरवरी को आयोजित परीक्षा में भी 27,052 छात्रों ने पेपर नहीं दिया। दो दिनों में कुल 3,40,760 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए हैं।

पहली पाली में हजारों ने छोड़ी परीक्षा

सुबह 8 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित पहली पाली में हाईस्कूल की कंप्यूटर और इंटरमीडिएट के विभिन्न विषयों की परीक्षा हुई। इस पाली में 96,296 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 91,530 ने परीक्षा दी, जबकि 4,766 छात्र अनुपस्थित रहे। पहली पाली के लिए 3,005 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। हाईस्कूल में 61,663 और इंटरमीडिएट में 34,633 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

दूसरी पाली में भी बड़ी संख्या में गैरहाजिरी

दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली दूसरी पाली में 3,92,274 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3,69,988 ने परीक्षा दी, जबकि 22,286 छात्रों ने एग्जाम छोड़ दिया। दूसरी पाली के लिए 7,214 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें हाईस्कूल के 2,139 और इंटरमीडिएट के 3,90,135 परीक्षार्थी शामिल थे।

पहले दिन भी लाखों रहे अनुपस्थित

बोर्ड के पहले पेपर में ही 3,13,708 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी थी। हिंदी की पहली पाली में हाईस्कूल के 27,54,376 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 25,83,055 उपस्थित हुए, जबकि 1,71,321 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट की दूसरी पाली में 24,99,370 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 23,56,983 उपस्थित और 1,42,387 अनुपस्थित रहे।

नकलचियों पर सख्ती, FIR दर्ज

परीक्षा के दौरान नकल पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। दूसरे दिन इंटरमीडिएट परीक्षा में एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया। अब तक कुल चार छात्र नकल करते पकड़े जा चुके हैं। छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पहले दिन तीन नकलची पकड़े गए थे। इसमें दो हापुड़ और एक बरेली में पकड़ाए थे। इसके अलावा पांच फर्जी परीक्षार्थी (मुन्ना भाई) आगरा, फतेहपुर, कन्नौज, कौशांबी और इटावा में दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़े गए।

लगातार बढ़ती गैरहाजिरी और नकल के मामलों के बीच बोर्ड प्रशासन सख्ती बरत रहा है, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

Related to this topic: