मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार शाम एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया. बगड़िया टावर के निचले हिस्से में स्थित मेडिकल स्टोर से शुरू हुई आग का धुआं देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। फ्लैटों में रहने वाले लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। ऐसे मुश्किल वक्त में पुलिस और दमकलकर्मियों के साथ स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा संभाला। करीब 40 मुस्लिम युवकों ने बचाव अभियान में मदद की और लगभग 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
मेडिकल स्टोर से उठे धुएं ने बढ़ाई मुश्किल
घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र के बगड़िया टावर में हुई। बिल्डिंग के निचले हिस्से में मौजूद एमपी मेडिकल स्टोर में अचानक आग लग गई। दुकान का शटर बंद था, जिसके चलते आग से उठने वाला धुआं बाहर निकलने के बजाय वेंटिलेशन चैंबर के रास्ते ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने लगा.कुछ ही देर में चार मंजिला इमारत धुएं से भर गई। फ्लैटों में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था। शुरुआत में करीब 15 लोगों के अंदर फंसे होने की जानकारी सामने आई। हालात की गंभीरता देखते हुए पुलिस, प्रशासन, एसडीईआरएफ और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की छह गाड़ियों को भी आग बुझाने के लिए लगाया गया।
क्रेन, सीढ़ियों और झूलों से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बगड़िया टावर में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने अलग-अलग तरीके अपनाए। कहीं क्रेन और सीढ़ियों की मदद ली गई, तो कहीं पेंटरों ने अपने काम में इस्तेमाल होने वाले झूलों के सहारे ऊपरी मंजिलों तक पहुंच बनाई.इस दौरान स्थानीय युवाओं ने भी जिम्मेदारी संभाली। करीब 40 मुस्लिम युवक आग बुझाने और लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। कुछ युवक बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। आग तक पानी पहुंचाने के लिए आसपास की चार दुकानों के शटर तक तोड़ने पड़े.करीब ढाई घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस, दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के मुताबिक, आग बिल्डिंग के निचले हिस्से में मौजूद मेडिकल स्टोर से शुरू हुई थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण धुआं वेंटिलेशन चैंबर के रास्ते ऊपर पहुंचा और लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ गईं.कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने भी स्थानीय लोगों और बचाव दल के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच कराने की बात कही है.फिलहाल करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकालने के बाद राहत अभियान पूरा हो गया है। अब प्रशासन की जांच में यह स्पष्ट होगा कि मेडिकल स्टोर में आग किस वजह से लगी और सुरक्षा इंतजामों में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।