Jabalpur Fire News: मध्यप्रदेश के जबलपुर में धनतेरस की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोहलपुर थाना क्षेत्र के लेमा गार्डन के पास स्थित गाजी नगर झुग्गी बस्ती में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 50 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रातभर आग बुझाने में जुटी रहीं।
रात में लगी आग, देखते ही देखते विकराल हुई
जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 2 बजे लगी थी। शुरुआत में एक झोपड़ी से उठी आग की लपटों ने कुछ ही देर में आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। बस्ती में करीब 350 झुग्गियां हैं, जिससे आग के और फैलने का खतरा बना हुआ था.सूचना मिलने पर पुलिस, नगर निगम, एमपीबी और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 13 दमकल वाहनों को लगाया गया। पानी खत्म होने पर वाहनों को दोबारा भरकर घटनास्थल पर भेजा जाता रहा। एहतियात के तौर पर बिजली कंपनी ने इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी।
13 दमकल वाहनों ने रातभर संभाला मोर्चा
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने लगातार अभियान चलाया। फायर ब्रिगेड कर्मचारी ओमप्रकाश श्रीवास्तव के मुताबिक, टीम ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था, लेकिन बचे हुए हिस्से में आग बुझाने का काम जारी रहा।आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 30 से 35 परिवार प्रभावित हुए हैं।
महिला की आंखों के सामने जल गया 50 साल का आशियाना
इस हादसे में कई परिवारों का वर्षों की मेहनत से बनाया घर उजड़ गया। अपनी झोपड़ी गंवाने वाली अख्तरी बी ने बताया कि रात में लोगों ने आवाज लगाई कि उठो, आग लग गई है। जब वह बाहर निकलीं तो चारों तरफ आग फैली हुई थी।कुछ ही देर में उनकी पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई। घर में रखा अनाज, पैसे, मोबाइल और रोजमर्रा का सामान भी आग में जल गया। अख्तरी बी ने बताया कि वह पिछले 50 साल से यहां रह रही थीं। एक रात में उनकी पूरी जिंदगी की जमा-पूंजी खत्म हो गई। अब रहने और खाने की चिंता सता रही है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पूर्व पार्षद ताहिर अली के मुताबिक, उन्हें रात करीब 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर नगर निगम और पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई।उन्होंने बताया कि इस बस्ती में पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं, सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और नगर निगम की टीम आग बुझाने तथा रेस्क्यू कार्य में जुटी रही।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस हादसे ने कई परिवारों को खुले आसमान के नीचे ला दिया है।