भोपाल। दिवाली की रात मध्य प्रदेश के दो परिवारों पर कहर बनकर टूटी। सिवनी और कटनी में आग की दो अलग घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हो गई। एक तरफ घरों में दीये जल रहे थे, दूसरी तरफ कुछ ही घंटों में दो घर राख में बदल गए। कुछ घायलों की हालत नाजुक है, इसलिए मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
कटनी के बरही में दुकान से घर तक पहुंची आग
कटनी जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर बरही कस्बे में रात लगभग साढ़े 11 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग भड़क उठी। दुकान के ऊपर ही परिवार का तीन मंजिला मकान था। लपटें कुछ ही देर में पूरी इमारत तक फैल गईं। उस वक्त परिवार के लोग घर में सो रहे थे। धुआं और आग इतनी तेज थी कि ज्यादातर लोगों को निकलने का मौका ही नहीं मिला। छह सदस्यों ने दम तोड़ दिया। इनमें दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चे हैं। एक पुरुष और एक महिला किसी तरह बाहर निकल पाए।
पड़ोसियों ने बचाव शुरू किया और दमकल को खबर दी। बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने में करीब पांच घंटे लग गए, लेकिन तब तक छह जिंदगियां जा चुकी थीं।
सिवनी के छपारा में सर्राफा व्यापारी का घर जला
दूसरा हादसा सिवनी जिले के छपारा में सोमवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। नींद में सोए लोग संभल भी नहीं पाए और आग ने पूरे घर को घेर लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोग नहीं बचे। मरने वालों में 75 साल के कुंदन लाल सोनी, 65 साल की राजकुमारी सोनी, 42 साल की ऋतु सोनी, 40 साल की स्मृति सोनी, 45 साल के सूर्या सोनी और 16 साल का आदित्य सोनी शामिल हैं।
चार लोगों की बची जान, जांच में जुटा प्रशासन
लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी ने बताया कि घर में उस समय कुल 10 लोग थे। छह की मौत हो गई, जबकि चार को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें सात साल की अमायरा सोनी, 45 साल के रितेश सोनी, 43 साल के सौरभ सोनी और 14 साल का आकर्ष सोनी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। दोनों घटनाओं में आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है और प्रशासन जांच कर रहा है।