तवा नगर और आसपास के क्षेत्रों में बाघ और तेंदुए दिखने से ग्रामीण दहशत में हैं। लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
दो दिन से लगातार दिख रहे बाघ-तेंदुए
इटारसी। तवा नगर वन क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बाघ और तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। रिहायशी इलाकों और गांवों के आसपास वन्यजीवों के नजर आने से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब शाम ढलते ही घरों में रहने और अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।
बाइक सवार के साथ कुछ दूर तक चला बाघ
बुधवार रात काम से लौट रहे प्रदीप बारस्कर को चीचा-28 गांव के मोड़ पर अचानक बाघ दिखाई दिया। प्रदीप के अनुसार बाघ कुछ दूरी तक उनकी बाइक के समानांतर चलता रहा। इस दौरान वे काफी घबरा गए, लेकिन किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
जीरो पॉइंट और कहार मोहल्ले के पास भी दिखा वन्यजीव
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जीरो पॉइंट के पास शकुन बाई ने तेंदुए को देखा। वहीं पिपरिया के एक युवक ने भी एक दिन पहले तेंदुए के दिखाई देने की पुष्टि की। इसके अलावा गुरुवार सुबह फॉरेस्ट प्लांटेशन के समीप कहार मोहल्ले के पास जंगल की ओर जा रही महिलाओं को भी बाघ नजर आया, जिससे इलाके में डर और बढ़ गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग से की कार्रवाई की मांग
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद तवा नगर और आसपास के वनग्रामों के लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बाघ और तेंदुए की निगरानी करने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि वन्यजीवों की रिहायशी इलाकों में बढ़ती आवाजाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।