शिवपुरी के इंदार गांव में दो घरों से करीब एक किलो सोना, ढाई किलो चांदी और 20 लाख नकद चोरी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी, इलाके में दहशत।
शिवपुरीः मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के इंदार गांव में दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां पर चोरों ने दो घरों में सेंधमारी करते हुए घर में रखा हुआ 1 किलो सोना, ढाई किलो चांदी और करीब 20 लाख रुपए नगद चुरा लिए है। इस चोरी की वारदात में चोर करीब डेढ करोड रुपए का माल कर समेट ले गए हैं। चोरी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही इंदार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
पुलिस के अनुसार, सबसे बड़ी चोरी चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर हुई। पुलिस को परिजन आशीष रघुवंशी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात करीब 12 बजे सो गए थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुसे और एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखे तीन बक्सों के ताले तोड़ दिए। इनमें रखी 17 सोने की अंगूठियां, 3 सोने के हार, 4 सोने की चेन, पुरानी सोने की मोहरें और करीब दो किलो चांदी के जेवरात ले गए। बताया गया है कि करीब 50-60 तोला सोना नया था, जबकि लगभग 50 तोला सोना पुश्तैनी था, जिसे एक ही स्थान पर रखा गया था।
सोना, चांदी और नगदी साफ
पुलिस को आशीष रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मक्का बेचकर 15 लाख रुपए घर में रखे थे। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपए पहले से घर में मौजूद थे। इस तरह चोर कुल 20 लाख रुपए नकद भी अपने साथ ले गए। चंद्रप्रकाश रघुवंशी के तीन बेटे हैं- देवेंद्र, महेंद्र और विशाल। तीनों ही विवाहित हैं और उनके बच्चे हैं। देवेंद्र गुना में पटवारी हैं। इसी कारण तीनों भाइयों की पत्नियां और बच्चे पढ़ाई के लिए गुना में रहते हैं।
वहीं, महेंद्र और विशाल गांव में अपने पिता चंद्रप्रकाश रघुवंशी, माता तथा दादा-दादी के साथ रहते हैं। परिवार के पास कुल 130 बीघा उपजाऊ कृषि भूमि है। इसी रात चोरों ने गांव के ही रामवीर सिंह रघुवंशी के घर को भी निशाना बनाया। परिजन शिवकुमार रघुवंशी के अनुसार, चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 12 तोला सोने के जेवरात, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 3 से 4 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।