Bhopal School Bus Accident: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। शनिवार को तलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वीआईपी रोड पर लिटिल एंजेल स्कूल की एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग पर चढ़ गई। हादसे के समय बस में कई स्कूली विद्यार्थी और एक शिक्षिका सवार थीं।
5 से 7 बच्चे घायल, भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार, घटना में बस में सवार 5 से 7 बच्चों को चोटें आई हैं, जबकि साथ मौजूद शिक्षिका के भी घायल होने की खबर है। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसकी मदद से सभी घायल बच्चों और शिक्षिका को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
नशे में था ड्राइवर
मीडिया की खबरों के अनुसार बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त बस चालक शराब के नशे में धुत था, जिसके कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। चालक की लापरवाही और नशे में होने की बात सामने आते ही अभिभावकों और भीड़ ने ड्राइवर की पिटाई कर दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची तलैया थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और भीड़ के चंगुल से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके नशे में होने की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराने अस्पताल ले जाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।