इंदौर के प्रसिद्ध सयाजी होटल में खाद्य विभाग की जांच के दौरान स्टोरेज में चूहे, किचन में कॉकरोच, फंगस लगी मूंगफली और सड़े टमाटर-आलू मिले। नॉनवेज की पैकिंग और लेबलिंग में भी गंभीर कमियां सामने आईं।
इंदौर। शहर के प्रसिद्ध सयाजी होटल में खाद्य विभाग की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। गुरुवार को करीब पांच घंटे चली कार्रवाई में फूड स्टोरेज में चूहे और किचन व फूड प्रिपरेशन एरिया में कॉकरोच मिले। टीम ने करीब 66 किलो नॉनवेज सामग्री भी बिना उचित पैकिंग और लेबलिंग के रखी हुई पाई। खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी की टीम ने होटल के दोनों किचन और स्टोरेज एरिया का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पैलेट के नीचे चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले। किचन और फूड प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म पर कॉकरोच और चूहों से फैली गंदगी भी मिली।
स्टोरेज में वेज-नॉनवेज सामग्री साथ रखी
जांच में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक साथ स्टोर किया जाना सामने आया। सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था नहीं थी। ड्राय और नॉनवेज स्टोरेज के प्लेटफॉर्म पर जंग लगी मिली। स्टोरेज रैक दीवार से सटाकर रखे गए थे, जबकि खाद्य सामग्री को नमी और संक्रमण से बचाने के लिए रैक को दीवार से उचित दूरी पर रखना जरूरी है। ड्राय स्टोरेज की दीवार और फर्श में भी दरारें मिलीं।
कचरे की व्यवस्था में भी कमी
निरीक्षण के दौरान गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं मिली। पीने के पानी के बर्तनों के पास रखे डस्टबिन में भी गीला और सूखा कचरा एक साथ पाया गया।
फ्रीजर का तापमान भी मानक के अनुरूप नहीं
नॉनवेज को सुरक्षित रखने के लिए फ्रीजर का तापमान -18 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। जांच के दौरान एक फ्रीजर का तापमान +20 डिग्री और दूसरे का -16 डिग्री पाया गया। स्टोरेज में रखे 33 नॉनवेज पैकेटों पर पैकेजिंग डेट, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। पैक्ड कुल्फी पर भी मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर नहीं मिले।
मूंगफली में फंगस, सड़े टमाटर-आलू मिले
खाद्य विभाग की टीम को स्टोर में रखी मूंगफली में फंगस मिला। इसके अलावा सड़े हुए टमाटर और आलू भी पाए गए। उबले आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग मिली। कुछ खाद्य सामग्री बिना उचित लेबल के रखी गई थी। टॉपिंग के कुछ टेट्रापैक लीक मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका सामने आई। पैकेटबंद कुकीज पर भी पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी।
लाइसेंस में नॉनवेज और बेकरी का उल्लेख नहीं
जांच में होटल के लाइसेंस से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि का उल्लेख नहीं था, जबकि होटल में नॉनवेज खाद्य सामग्री का इस्तेमाल हो रहा था। इसी तरह बेकरी और स्वीट्स का भी लाइसेंस में उल्लेख नहीं मिला, जबकि होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। खाद्य विभाग ने होटल के सेंट्रल FSSAI फाइव स्टार लाइसेंस को लेकर भी आपत्ति दर्ज की। निरीक्षण के दौरान संबंधित लाइसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं मिला।
कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
खाद्य विभाग की टीम ने पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ, मसाले और ड्रायफ्रूट्स समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी के अनुसार होटल के दोनों किचन की जांच की गई है। अब प्रयोगशाला से सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।