अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी में बड़े खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने चोरी की गई रकम को शेयर बाजार और ब्याज पर निवेश किया।
रिमांड में खुला करोड़ों के खेल का राज
लखनऊ। अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस रिमांड के दौरान बड़े खुलासे हुए हैं। आरोपियों लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय ने पूछताछ में स्वीकार किया कि चोरी की गई रकम को शेयर बाजार और ब्याज पर निवेश कर उससे मुनाफा कमाया जाता था। पुलिस अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
घरों से नकदी, ज्वेलरी और कार बरामद
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों को उनके घर लेकर पहुंची, जहां तलाशी में नकदी की गड्डियां, ज्वेलरी और एक कार बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है। कार की खरीद और फाइनेंस से जुड़े दस्तावेज भी परिजनों से मांगे गए हैं। पुलिस ने मौके पर ही परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए।
रिश्तेदारों के खातों से किया पैसों का लेन-देन
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की रकम पहले अपने रिश्तेदारों और करीबी लोगों को दे देते थे। कुछ दिनों बाद यह रकम उनके बैंक खातों में जमा कराई जाती थी और फिर आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। पुलिस इस मनी ट्रेल की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
शेयर बाजार और ब्याज पर लगाई चोरी की रकम
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मंदिर से चोरी की गई रकम को शेयर बाजार में निवेश किया जाता था। इसके अलावा लोगों को ब्याज पर पैसा देकर भी कमाई की जाती थी। जांच एजेंसियां अब निवेश से जुड़े दस्तावेज और बैंक लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं।
'मिशन ग्रीन फाउंडेशन' भी जांच के दायरे में
मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा का एक पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें वह 'मिशन ग्रीन फाउंडेशन' के लिए लोगों से दान की अपील करता दिखाई दे रहा है। एसआईटी ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए संस्था के वित्तीय रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। जांच की जा रही है कि संस्था में कितना धन जमा हुआ और उसका इस्तेमाल कहां किया गया।
फर्जी दान रसीद का भी खुलासा
इससे पहले पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी कर फर्जी दान रसीदें बरामद की थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी श्रद्धालुओं से दान लेकर उन्हें फर्जी रसीद देते थे और पूरी रकम हड़प लेते थे। पूछताछ में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के भी इस पूरे मामले में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।