रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की सबसे भीड़भाड़ वाली मंडियों में से गोल बाजार में सेहत के साथ खिलवाड़ का बड़ा मामला पकड़ में आया है। ड्रग विभाग की टीम ने यहां ओम ब्यूटी सेंटर नाम की दुकान पर छापा मारा और पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी क्रीम का जखीरा बरामद किया। दुकान से मेड इन पाकिस्तान लेबल वाली कुल 236 क्रीम मिलीं। इनकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये आंकी गई है। रंग निखारने के बड़े-बड़े दावों के साथ बिकने वाली ये क्रीम लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकती हैं।
गुप्त सूचना पर पहुंची टीम
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गोल बाजार में चोरी-छिपे पाकिस्तानी सौंदर्य प्रसाधन बेचे जाने की जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर टीम ने दुकान पर दबिश दी। तलाशी में 218 डिब्बे गोरी क्रीम और 18 डिब्बे चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम मिले। पैकेजिंग देखने पर साफ हुआ कि ये पाकिस्तान में ही बने हैं। अधिकारियों ने मौके से गोरी क्रीम के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिया है। टीम ने आसपास की दूसरी दुकानों को भी खंगाला। लेकिन वहां यह स्टॉक नहीं मिला।
आयात पर रोक के बावजूद कई सौ रुपयों में बिक रही क्रीम
कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब पाकिस्तान से आने वाले हर सामान पर रोक है। तो यह माल रायपुर तक पहुंचा कैसे? केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को अधिसूचना जारी कर पाकिस्तान से सीधे या किसी और रास्ते से आने वाले सभी उत्पादों का आयात पूरी तरह बंद कर दिया था। इसके बावजूद रायपुर के थोक और खुदरा बाजार में यह क्रीम 300 से 550 रुपये में खुलेआम बिक रही थी। सूत्रों का कहना है कि कुछ स्थानीय कारोबारी 300 से 500 पीस तक का थोक ऑर्डर लेकर चुपचाप सप्लाई कर रहे थे। जिन दुकानों में गोरी क्रीम नहीं थी। वहां सात दिन में गोरा करने का दावा करने वाले दूसरे संदिग्ध उत्पाद बेचे जा रहे थे। ड्रग विभाग अब पूरी सप्लाईि चेन की पड़ताल कर रहा है, ताकि इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जा सके।
CDSCO पहले ही अलर्ट जारी कर चुका है
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन यानी सीडीएससीओ ने 8 सितंबर 2026 को ही देशभर में अलर्ट जारी किया था। उसमें गोरी और चांदनी क्रीम की बिक्री को भारत में पूरी तरह अनधिकृत बताया गया था। इससे पहले न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था मेडसेफ और महाराष्ट्र एफडीए की जांच में भी इन क्रीम के नमूनों में पारा और सीसा जैसी जहरीली भारी धातुएं तय मानक से कई गुना ज्यादा मिली थीं।
किडनी और नर्वस सिस्टम पर सीधा असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसी मिलावटी क्रीम में पारे की मात्रा सुरक्षित सीमा से बहुत ज्यादा होती है। त्वचा के रास्ते शरीर में पहुंचने वाला यह जहर सीधे किडनी को नुकसान पहुंचाता है। नर्वस सिस्टम पर भी इसका बेहद बुरा असर पड़ता है। इससे गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारियाँ और पैरालिसिस तक का खतरा रहता है। इसलिए जल्दी गोरा होने के वादे वाली किसी भी बिना लाइसेंस वाली क्रीम से दूर रहना ही समझदारी है।