प्रयागराज में 20 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। घर के पास खून से सनी लाश मिली। पुलिस ने जांच शुरू कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। swadesh news
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। युवती का शव उसके घर से महज 10 मीटर दूरी पर खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सुबह घर के बाहर मिला शव
जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के संदलपुर मलेथुआ गांव में रहने वाली युवती रात को परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब उसका भाई उसे जगाने पहुंचा, तो वह कमरे में नहीं मिली। बाहर तलाश करने पर घर के पास ही उसका शव पड़ा मिला। शव पर सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि गले पर भी दबाव के संकेत मिले हैं। इससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के चलते पड़ोसियों ने उनकी बेटी की हत्या की है। उनका कहना है कि परिवार का पड़ोसियों से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस घटना की वजह बन सकता है।
पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सके।
प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच जारी
पुलिस इस मामले में सिर्फ जमीन विवाद ही नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि युवती की गांव के एक युवक से बातचीत होती थी। पुलिस उस युवक और उसके परिवार से भी पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों ने कहा- हर एंगल से जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का खुलासा होने की उम्मीद है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।