प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज हादसा: आखिर कैसे हुआ यह भयावह हादसा? कौन जिम्मेदार और क्या इसे रोका जा सकता था?
प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस की पाइप फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ और इमारत की दीवार गिर गई। इस हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
लेकिन अब सवाल ये उठता है कि ये हादसा क्यों और कैसे हुआ? आखिर कौन है इस हादसे का जिम्मेदार?
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कोल्ड स्टोरेज के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर में लंच ब्रेक के दौरान अचानक जर्जर छज्जा गिर पड़ा, जो सीधे अमोनिया गैस की पाइपलाइन पर जा गिरा। पाइप फटते ही गैस का रिसाव शुरू हुआ और फिर तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में करीब 20 मजदूर आ गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लापरवाही बनी हादसे की वजह
अब ये सवाल उठता है कि इतनी बड़ी दुर्घटना का कौन जिम्मेदार है? क्या इस हादसे को समय से पहले रोका जा सकता था और कौन है इन रोती-बिलखती जिंदगीयों का जिम्मेदार? जानकारी के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज एक पूर्व समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक का है और इसकी हालत पहले से ही काफी जर्जर थी। बताया जा रहा है कि वहां मरम्मत का काम भी चल रहा था। इसी लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद हालात पर काबू पाना मुश्किल गया। ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने एंबुलेंस पर पथराव करना शुरू कर दिया। बाद में स्थिति को काबू में किया गया।
मृतकों के परिजनों में शोक और आक्रोश है। वे इस हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हादसे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है।