उत्तरप्रदेश के अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आई है। अयोध्या मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के पास से एक पर्ची बरामद हुई है...
Ayodhya Breaking: छात्र से मिली बम बनाने की विधि पर्ची, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां |
समीर शाही,अयोध्या: उत्तरप्रदेश के अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आई है। अयोध्या मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के पास से एक पर्ची बरामद हुई है, जिसमें कथित तौर पर बम बनाने की विधि से जुड़ा विवरण लिखा हुआ था। मामला सामने आते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
ड्यूटी के दौरान बरामद हुई पर्ची
मीडिया की खबरों के अनुसार, बलरामपुर निवासी संदिग्ध छात्र की रात के समय लैब में ड्यूटी लगी हुई थी। इसी दौरान उसके पास से यह संदिग्ध पर्ची बरामद की गई। पर्ची पर लिखा विवरण सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस और एजेंसियां कर रही हैं पूछताछ
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छात्र को अपनी हिरासत में ले लिया है। छात्र से पूछताछ की जा रही है कि उसने यह पर्ची कहां से हासिल की और इसके पीछे उसका क्या मकसद था। सुरक्षा एजेंसियां छात्र के बैकग्राउंड, उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके संपर्कों की भी छानबीन कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टला जा सके।