सरयू नदी में नाव पर मटन और बीयर पार्टी करने का मामला, कैंट पुलिस ने लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद व जितेंद्र निषाद को किया गिरफ्तार, एक फरार...
Ayodhya Viral Video: मां सरयू की गोद में 'मटन-बीयर' का जश्न!, तीन गिरफ्तार, एक फरार |
समीर शाही, अयोध्या: अयोध्या रामनगरी की पहचान केवल मंदिरों से नहीं, बल्कि मां सरयू की पवित्र धारा से भी है। उसी सरयू की गोद में जब खुलेआम बीयर की बोतलें खुलें, मटन की प्लेटें सजें और पूरी महफिल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाए, तो सवाल केवल कानून का नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का भी खड़ा होता है। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो कथित रूप से कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तारघाट का बताया जा रहा है, जहां नाव पर बैठे कुछ युवक बीयर और मटन पार्टी करते दिखाई दिए।
तीन गिरफ्तार, एक फरार
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही पुलिस हरकत में आ गई। मामले में कैंट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
उठते सवाल
मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहे है कि आखिर पवित्र सरयू की धारा में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत कैसे हुई? क्या घाटों पर निगरानी केवल कागजों तक सीमित है? अब श्रद्धालुओं की नजर इस बात पर है कि प्रशासन केवल गिरफ्तारी तक सीमित रहता है या भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था भी करता है।