ऐतिहासिक शहर चंदेरी के प्रसिद्ध बिहारी जी मंदिर में निर्माण कार्य के दौरान फर्श के नीचे एक रहस्यमयी विशाल गुफा मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
संजय श्रोत्रिय,चंदेरी: ऐतिहासिक शहर चंदेरी के प्रसिद्ध बिहारी जी मंदिर में निर्माण कार्य के दौरान फर्श के नीचे एक रहस्यमयी विशाल गुफा मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गुफा दिखाई देने की सूचना फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सदियों पुराने खजाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मौके पर प्रशासन, बल तैनात
सूचना मिलने के बाद ही एसडीएम एवं एसडीओपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल मंदिर परिसर के उस हिस्से को पूरी तरह सील कर दिया, जहां गुफा मिली है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए मौके पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि न हो सके।
भोपाल से बुलाई विशेषज्ञ वैज्ञानिक टीम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरातत्व विभाग को भी मामले की सूचना दे दी गई है। गुफा के भीतर की वास्तविक स्थिति और उसके ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए भोपाल से विशेषज्ञ वैज्ञानिक टीम बुलाई जा रही है, जो आधुनिक उपकरणों की सहायता से विस्तृत जांच करेगी। इस गुफा में खजाने होने की भी चर्चाएं आम हो रही है जबकि मंदिर निर्माण के कार्य से जुड़े लोगों का कहना है कि जैसे ही इस गुफा की जानकारी मिली थी तो मजदूरों से ही उसे गुफा को बंद कर कर दिया था।
प्रशासन ने सील की गुफा
चंदेरी एसडीएम मनीष धनकर ने कहा कि मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान नीचे गुफानुमा संरचना दिखाई दी है। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र को सील कर दिया है और विशेषज्ञों की जांच के बाद ही गुफा के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि खजाने या अन्य प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें ।
जांच की बाद होगा खुलासा!
फिलहाल प्रशासन और पुरातत्व विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञ टीम की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गुफा कितनी पुरानी है और उसका ऐतिहासिक अथवा पुरातात्विक महत्व क्या है।