भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। पांच दिन की इन बैठकों के बीच कोई छुट्टी नहीं रहेगी। हर बार की तरह इस बार भी सत्र की अवधि छोटी रखी गई है। सरकार इस दौरान दूसरा अनुपूरक बजट और कई विधेयक सदन में लाकर पारित कराएगी। वित्त विभाग अनुपूरक बजट की तैयारियाँ पूरी करने में जुटा है।
राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी हुआ नोटिफिकेशन
यह सोलहवीं विधानसभा का 12वां सत्र होगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल से सत्र बुलाने की अनुमति मिलने के बाद विधानसभा ने इसका नोटिफकेशन जारी कर दिया है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारियाँ भी शुरू कर दी हैं।
पांच दिन का कार्यक्रम
विधानसभा सचिवालय की सूचना के मुताबिक 7 दिसंबर सोमवार, 8 दिसंबर मंगलवार, 9 दिसंबर बुधवार और 10 दिसंबर गुरुवार को प्रश्नोत्त और शासकीय कार्य होंगे। यानी पहले चार दिन सदन में सवाल जवाब के साथ सरकारी कामकाज चलेगा।
अंतिम दिन अशासकीय कार्य के लिए समय
शुक्रवार 11 दिसंबर को पहले प्रश्नोत्तर होगा। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे तक शासकीय कार्य निपटाए जाएंगे। डेढ़ बजे के बाद का समय अशासकीय कार्य के लिए तय किया गया है। इस दिन सत्र का समापन होगा।
हंगामे के चलते प्रभावित हुआ था मानसून सत्र
बता दें कि इससे पहले एमपी विधानसभा का मानसून सत्र 20 से 24 जुलाई तक प्रस्तावित था। लेकिन हंगामे और कामकाज के बाद यह तीन दिन यानी 3 जुलाई को ही अनिश्चतकालीन के लिए स्थगित कर दिया गया था।