मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। मोहन सरकार में नए मंत्रियों की एंट्री और कुछ चेहरों की विदाई के संकेत मिल रहे हैं। भाजपा मिशन 2028 की तैयारी में जुटी है।
प्रमोद दुबे
भोपाल। विगत दो वर्ष से अधिक समय से लगातार इंतजार कर रहे मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं, दावेदारों के लिए संभवतः इस महीने इंतजार समाप्त हो सकता है। जानकारी के अनुसार इसी महीने के अंतिम सप्ताह में लगभग ढाई वर्ष पश्चात चार कैबिनेट मंत्री एवं दो राज्य मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं, दूसरी और खराब परफॉर्मेंस एवं विवाद के मामलों में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक छवि खराब करने के संबंध में आरोपित एक मंत्री की विदाई लगभग तय है।
अभी 31 का मंत्रीमंडल, 35 संख्या हो सकती है
लंबे समय से अर्थात ढाई वर्ष के लगभग होने के पश्चात भी मध्य प्रदेश में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास तीन कैबिनेट मंत्री के विभाग एवं दो राज्य मंत्री के विभाग हैं। वर्तमान में मध्य प्रदेश में कुल 31 मंत्री मंत्रिमंडल में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार कल 35 मंत्री अर्थात कर कैबिनेट मंत्री और मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव के बाद छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान में मंत्रियों का कोटा पूरा हो चुका है। परंतु मध्य प्रदेश में मंत्रियों का अधूरापन स्पष्ट है। बताया जाता है कि मध्य प्रदेश के एक विवादास्पद मंत्री की विदाई होने के साथ ही खराब परफॉर्मेंस वाले दो राज्य मंत्री एवं एक अन्य मंत्री की विदाई हो सकती है।
17 मई को सरकार एवं संगठन करेगा चिंतन एवं मंथन
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मामले में बैठक करेंगे। सूत्र बताते हे कि प्रदेश के कैबिनेट एवं राज्य मंत्रियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट इस बैठक में प्रस्तुत की जाएगी। एवं किस मंत्री को बाहर करना है एवं किसको नए मंत्री के रूप में शामिल किया जाना है? उपरोक्त बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़ा विषय लगभग फाइनल कर लिया जाएगा।
मिशन 2028 की तैयारी में जुट जाएगी भाजपा
प्रदेश भाजपा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक तरफ जहां संगठन की ओर से लगातार संपर्क बैठक से लेकर अन्य सभी कार्यक्रम पिछले 1 वर्ष के अंतराल में तीव्र गति से जारी है। वहीं, दूसरी ओर सरकार और संगठन के विस्तार से जुड़े हुए विषय पर भी अब अंतिम मोहर लगने के बाद मिशन 2028 की तैयारी प्रारंभ हो जाएगी। पिछले 15 दिवस के अंतराल में मध्य प्रदेश में पिछले ढाई साल में मंडल एवं आयोग की नियुक्ति लगभग पूरी हो चुकी है। मंडल एवं आयोग के पदाधिकारी शपथ लेकर मैदान में जाने की तैयारी कर रहे हैं। अब राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेश पर प्रदेश नेतृत्व मिशन 2028 के लिए तैयारियां जून के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ कर देगा।

प्रमोद दुबे