Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

एमपी में बारिश का कहर

MP में बारिश बनी आफत: नर्मदापुरम-खंडवा हाईवे बंद , कई गांवों का संपर्क टूटा

मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण कई हाईवे और पुल बंद हो गए हैं, जिससे यातायात और जनजीवन पर भारी असर पड़ा है।


mp में बारिश बनी आफत नर्मदापुरम-खंडवा हाईवे बंद  कई गांवों का संपर्क टूटा

मध्य प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हरदा, खंडवा, सीहोर, आष्टा, उज्जैन और इंदौर समेत कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, जबकि घरों और खेतों में बाढ़ का पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई सड़कों और पुलों पर पानी बहने के कारण यातायात भी बाधित हो गया है।

नर्मदापुरम-खंडवा हाईवे बंद, हरदा में कई गांव कटे

हरदा जिले में लगातार बारिश के चलते ग्राम मांदला के पास कालीमाचक नदी का जलस्तर पुल से करीब तीन फीट ऊपर पहुंच गया। इससे नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे बंद कर दिया गया है। कई गांवों का संपर्क टूट गया है और प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।

खंडवा में उफनाया नाला, सड़क पर लगी वाहनों की कतार

खंडवा के किल्लौद ब्लॉक स्थित गरबड़ी नाले में बाढ़ आने से खिरकिया मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रशासन ने पानी का बहाव कम होने तक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है।

आष्टा और सीहोर में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी

आष्टा क्षेत्र में पार्वती, पपनास और नेवज नदी उफान पर हैं। खाचरोद, मेहतवाड़ा, मैना, कोठरी, ढकनी, मुगली समेत कई गांवों में घरों और खेतों में पानी घुस गया है। सीहोर जिले में कई पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे कई मार्गों पर आवागमन रोक दिया गया है।

उज्जैन में सहायक सचिव का शव मिला

उज्जैन में तेज बहाव में बाइक समेत बहे ग्राम पंचायत सहायक सचिव सूर्यप्रकाश सिंह सोनगरा का शव 36 घंटे बाद चंबल नदी से बरामद किया गया। इससे पहले इंदौर और उज्जैन में भी बारिश से जुड़े हादसों में लोगों की मौत हो चुकी है।

19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, खंडवा समेत 19 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले पुल, पुलिया और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने तथा मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related to this topic: