मध्यप्रदेश में महावीर जयंती की छुट्टी को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब 30 मार्च को अवकाश घोषित करने का अधिकार कलेक्टर को दिया गया है, जिससे जिलेवार निर्णय होगा।
भोपाल। मध्यप्रदेश में महावीर जयंती की छुट्टी को लेकर चल रहा कन्फ्यूजन अब लगभग खत्म हो गया है। सरकार ने इस मामले में एक लचीला रास्ता निकालते हुए फैसला जिलों पर छोड़ दिया है। मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है। इसके अनुसार, महावीर जयंती का अवकाश किस दिन होगा। यह संबंधित जिले के कलेक्टर तय करेंगे।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सरकारी कैलेंडर में इस साल महावीर जयंती की छुट्टी 31 मार्च 2026 को तय की गई थी। लेकिन जैन समाज के अनुसार इस बार भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जा रहा है। यही वजह रही कि कई जिलों में 30 मार्च को छुट्टी घोषित करने की मांग तेज हो गई। कुछ विधायकों ने भी इस मुद्दे को उठाया और सरकार को पत्र लिखकर बदलाव की मांग की।
अब कैसे तय होगी छुट्टी
सरकार ने अपने आदेश में साफ किया है कि जिन जिलों में परंपरागत रूप से 31 मार्च को महावीर जयंती मनाई जाती है, वहां उसी दिन अवकाश रहेगा। लेकिन जहां 30 मार्च को पर्व मनाया जा रहा है। वहां, कलेक्टर चाहें तो 30 मार्च को छुट्टी घोषित कर सकते हैं। यानि अब एक ही तारीख पूरे प्रदेश पर लागू नहीं होगी, बल्कि स्थानीय परंपराओं के आधार पर फैसला लिया जाएगा।
भोपाल में 30 मार्च को छुट्टी
भोपाल में प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए 30 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश घोषित कर दिया है। कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है।
क्यों बनी थी असमंजस की स्थिति
जैन समाज की ओर से लगातार यह कहा जा रहा था कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 30 मार्च ही सही तारीख है। इसी को लेकर प्रदेशभर में मांग उठी, और कई जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया। आखिरकार सरकार ने बीच का रास्ता निकालते हुए कलेक्टरों को अधिकार दे दिया। ताकि स्थानीय भावनाओं और परंपराओं का सम्मान किया जा सके।