मध्यप्रदेश में गेस्ट टीचर भर्ती 2026 के लिए नए नियम लागू हुए हैं। बिना वेरिफिकेशन स्कोर कार्ड नहीं मिलेगा। जानिए पंजीयन तारीख, जरूरी दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया।
भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नए अतिथि शिक्षकों की भर्ती के लिए नवीन पंजीयन और पूर्व पंजीकृत आवेदकों की प्रोफाइल अपडेट करने को लेकर बुधवार को दिशा-निर्देश और समय-सारणी जारी कर दी है।
निर्देश में कहा गया कि समस्त प्रक्रिया एजुकेशन पोर्टल 3.0 के माध्यम से संचालित की जाएगी। नवीन आवेदक 2 मई से 11 मई तक अपना नया पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन के लिए समग्र आईडी और ई-केवाईसी होना अनिवार्य है। वही पूर्व से पंजीकृत और सत्र 2025-26 में कार्य कर चुके आवेदकों को अपनी प्रोफाइल अपडेट करना अनिवार्य है। यह कार्य 12 मई से 22 मई तक किया जा सकेगा।
डीपीआई ने संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे बिना मूल दस्तावेजों के सत्यापन न करें और अपूर्ण प्रशिक्षण योग्यता जैसे बीएड/डीएलएड का केवल प्रथम सेमेस्टर को मान्य न करें।
आवेदकों को करना होगा ये
- आवेदकों को अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यता (जैसे- बीएड/डीएलएड, मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण वर्ष 2018 या उसके उपरांत के दस्तावेज अपलोड कर संकुल प्राचार्य से ऑनलाइन सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
- सत्यापन के उपरांत ही सत्र 2026-27 के लिए नया स्कोर कार्ड जनरेट होगा। बिना सत्यापन के स्कोर कार्ड जनरेट नहीं होगा और आवेदक चयन प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे।
- यदि किसी आवेदक के पास पोर्टल 2.0 पर एक से अधिक यूजर आईडी पर अनुभव प्रमाण पत्र हैं, तो उन्हें पोर्टल 3.0 की आईडी पर मर्ज करने के लिए पुन: आवेदन करना होगा।
- यदि पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है, तो आवेदक जिला शिक्षा अधिकारी या विकासखंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना मोबाइल नंबर बदलवा सकेंगे।
ये रहेगी समय- सारिणी
नवीन पंजीयन एवं ई-केवाईसी - 02 से 11 मई।
नए शिक्षकों का संकुल प्राचार्य से सत्यापन - 04 से 11 मई।
पुराने आवेदकों के प्रोफाइल अपडेट/संशोधन- 12 से 22 मई।
पुराने आवेदकों के प्रोफाइल अपडेट का सत्यापन - 12 से 22 मई।