दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के लिए सक्रिय भूमिका निभाने वाले अवधेश नायक को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। एमपी कांग्रेस ने प्रदेश महासचिव बनाया है। जानिए किस आधार पर जिम्मेदारी मिली है।
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने दतिया उपचुनाव के बाद संगठन में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत अवधेश नायक को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। पार्टी का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दिया उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में आए नतीजों के बाद संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम तेज किया जा रहा है।
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की मंजूरी के बाद नियुक्ति आदेश जारी किए। चुनाव प्रचार के दौरान नायक को संगठन में अहम जिम्मेदारी देने का भरोसा दिया गया था। अब रिजल्ट आने के बाद अब उसे औपचारिक रूप दे दिया गया है।
दतिया उपचुनाव के बाद मिला संगठन में अहम पद
अवधेश नायक ने दतिया उपचुनाव के दौरान कांग्रेस के लिए सक्रिय भूमिका निभाई थी। पार्टी का मानना है कि चुनावी अभियान में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए भी अहम मानी जा रही है।
बीजेपी छोड़ने के बाद कांग्रेस में बढ़ा कद
अवधेश नायक साल 2023 में बीजेपी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। राजनीतिक गलियारों में इसे तत्कालीन बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा से उनके मतभेद से जोड़कर देखा गया था। कांग्रेस ने उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट भी दिया था। हाल ही में दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद उन्होंने नरोत्तम मिश्रा पर राजनीतिक टिप्पणी भी की थी।
उपचुनाव के दौरान बढ़ी थी सियासी हलचल
दतिया उपचुनाव के समय बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी भी अवधेश नायक से मिलने पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं। उस दौरान नायक ने कहा था कि उनके सामने सभी विकल्प खुले हैं। बाद में कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने का भरोसा जताया था। वह अब प्रदेश महासचिव की नियुक्ति के रूप में सामने आया है।
कांग्रेस की रणनीतिक बैठक 11 अगस्त को होगी
मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक 11 अगस्त को भोपाल में प्रस्तावित है। बैठक में सीनियर नेता दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे। इसमें आगामी चुनाव रणनीति, संगठनात्मक कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।