पश्चिम बंगाल में सीएम मोहन यादव ने भाजपा के समर्थन में रैली की, ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला और चुनाव को ‘धर्म युद्ध’ बताया।
ममता बनर्जी बंगाली मानुष के अधिकारों को बांग्लादेश को देने पर तुली हुई हैं। यह चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है। इस माहौल में श्री राम का मंत्र हम सभी को ताकत दे रहा है। आज हमारे बंगाल में यहां का युवा, महिला, गरीब, किसान सभी लोग बदलाव के लिए खड़े हो गए हैं। सब अपनी आन-बान-शान के लिए लड़ रहे हैं। आज दुनिया की कोई ताकत भाजपा को बंगाल में सत्ता हासिल करने से रोक नहीं सकती।
यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली को संबोधित करते हुए कही। बंगाल दौरे पर मुख्यमंत्री ने बांकुरा जिले के सलतोरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार चांदना बारी, छतना क्षेत्र के प्रत्याशी सत्यनारायण मुखोपाध्याय, बांकुरा के उम्मीदवार नीलाद्री शेखर दाना, बरजोरा क्षेत्र से बिलेश्वर सिंघा एवं ओंडा क्षेत्र के प्रत्याशी अमरनाथ शाखा के नामांकन पत्र जमा कराए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धरती सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर जैसी महान विभूतियों की रही है, लेकिन वर्तमान में ममता बनर्जी के शासन में जनता परेशान है।
जनता के सामने बदलाव का बड़ा अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि बदलाव का अवसर है। जनता बदलाव के लिए तैयार है और भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर संपर्क करने और अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठ और तुष्टिकरण की राजनीति बढ़ी है तथा हिंदुओं का अपमान हुआ है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल में युवाओं का पलायन बढ़ा है और रोजगार के अवसर घटे हैं।