Breaking News
  • चेपॉक में भिड़ेंगे CSK और PKBS, इस मैदान में तीनों मैच में पंजाब की जीत
  • फिर 'फ्यूल बम' फूटने से पाकिस्तान में मचा हाहाकार! पेट्रोल ₹458 तो डीजल ₹520 के पार
  • खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर ईरान का हमला
  • राघव चड्ढा पर पार्टी की सख्ती! AAP ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाया
  • छत्तीसगढ़ के सुकमा में 5 लाख रुपए का इनामी नक्सली मारा गया
  • गुजरात के अमरेली में 3.1 मैग्नीट्यूड का भूकंप, 6 दिनों में दूसरा झटका

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

MP Assistant Professor Recruitment 2026 Update

अब महाविद्यालयों में नहीं रहेगी सहायक प्राध्यापकों की कमी

मध्यप्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग ने सहायक प्राध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया तेज की। नए सत्र से पहले 1600 पद भरने की तैयारी, कुल 5884 पद चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे।


अब महाविद्यालयों में नहीं रहेगी सहायक प्राध्यापकों की कमी

उच्च शिक्षा विभाग ने शुरू की सहायक प्राध्यापकों के पद भरने की प्रक्रिया

प्रदेश के महाविद्यालयों में अब सहायक प्राध्यापकों की कमी नहीं रहेगी। लगभग 9 हजार रिक्त पदों के मुकाबले उच्च शिक्षा विभाग चरणबद्ध तरीके से करीब 5884 पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। इनमें सहायक प्राध्यापक सहित अन्य पदों को मिलाकर करीब 1600 पद नए शैक्षणिक सत्र से पहले भर जाने की संभावना है।

मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा 2022 में 38 विषयों के लिए 2053 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसमें 1504 अभ्यर्थी चयनित किए जा चुके हैं। 29 विषयों में 1083 को नियुक्ति दी जा चुकी है, जबकि शेष 6 विषयों के लिए प्रक्रिया जारी है। इसके 15 अप्रैल तक पूरी हो जाने का आधिकारिक तौर पर अनुमान जताया जा रहा है।

इसके साथ ही मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा 2197 पदों की पूर्ति के लिए भी चयन संबंधी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इनमें 5 विषयों की चयन सूची प्राप्त हो गई है, जिनके लिए 15 अप्रैल तक नियुक्ति पत्र जारी हो सकेंगे। इसके अलावा वर्ष 2025-26 के लिए कुल 19 विषयों में सहायक प्राध्यापकों के 1237 पदों की पूर्ति के लिए भी विज्ञापन जारी कर दिया गया है।

स्वीकृत पदों के मुकाबले 8839 पद खाली

प्रदेश के महाविद्यालयों में स्वीकृत 15481 पदों के मुकाबले 8839 पद खाली हैं। यानी वर्तमान में 6642 प्राचार्य, रजिस्ट्रार, लाइब्रेरियन, स्पोर्ट्स ऑफिसर, प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर कार्यरत हैं। इनमें सबसे अधिक सहायक प्राध्यापक के 6910 पद रिक्त हैं, जबकि 12895 पद स्वीकृत हैं। इन रिक्त पदों के विरुद्ध 4492 अतिथि विद्वान कार्यरत हैं।

लंबे अंतराल के बाद भर्तियां शुरू

प्रदेश में 1992-93 के बाद वर्ष 2017 में मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा महाविद्यालयीन पदों को भरा गया। इसके बाद 2021 तक रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद रही। डॉ. मोहन यादव के उच्च शिक्षा मंत्री बनने के बाद 2022 में 2053 पदों को भरने का प्रयास शुरू हुआ। वहीं इंदर सिंह परमार के उच्च शिक्षा मंत्री बनने के बाद भर्ती प्रक्रिया तेज हुई और 2023, 2024 और 2025 से लगातार लोक सेवा आयोग द्वारा चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

पदों को भरने की कवायद तेज

सहायक प्राध्यापकों के साथ ही सरकार लैब टेक्नीशियन के 384 पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुकी है। संचालनालय में रिक्त सहायक संचालक के 3 पदों के साथ चुनिंदा महाविद्यालयों में रजिस्ट्रार के 45 रिक्त पदों में से 12 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इनका कहना है

राष्ट्रीय शिक्षा नीति की अपेक्षानुसार छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, इसके मद्देनजर महाविद्यालयों में प्राध्यापकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। बड़ी संख्या में सहायक प्राध्यापकों के पद भरे गए हैं। यह प्रक्रिया सतत जारी रहेगी।
- इंदर सिंह परमार, उच्च शिक्षा मंत्री, मप्र शासन

 

Related to this topic: