लाड़ली बहना योजना की 1500 रुपये की नई किस्त खाते में पहुंची या नहीं? घर बैठे ऑनलाइन स्टेटस, बैंक बैलेंस चेक करने का आसान तरीका और भुगतान रुकने की वजह जानें।
भिंड। मध्य प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना की नई किस्त जारी कर दी है। योजना की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी गई। 24 घंटे बीतने के बाद भी बड़ी संख्या में लाभार्थी यह जानना चाहती हैं कि उनके खाते में पैसा पहुंचा या नहीं।
दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने योजना की 38वीं किस्त के तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। अगर आपको अभी तक बैंक से मैसेज नहीं मिला है तो बिना बैंक जाए भी कुछ मिनटों में भुगतान की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकती है।
स्टेटस चेक करने का सबसे आसान तरीका
लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाकर 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' विकल्प चुनें। इसके बाद आवेदन क्रमांक या सदस्य समग्र आईडी दर्ज करें और स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा भरें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करते ही भुगतान से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी। इससे पता चल जाएगा कि किस्त जारी हुई है या नहीं।
बैंक बैलेंस से भी मिल जाएगी पुष्टि
अगर आपके मोबाइल में नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग या कोई UPI ऐप सक्रिय है तो सीधे बैंक बैलेंस देखकर भुगतान की पुष्टि कर सकती हैं। जिन महिलाओं का मोबाइल नंबर बैंक खाते से लिंक है, उन्हें राशि जमा होने पर बैंक की ओर से SMS भी भेजा जाता है। पासबुक अपडेट कराने पर भी ट्रांजैक्शन की जानकारी मिल जाएगी।
स्टेटस में क्या दिखे तो उसका क्या मतलब
यदि भुगतान की स्थिति में Paid या Credited लिखा दिखाई देता है तो इसका मतलब सरकार की ओर से राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। वहीं Suspended, Paused या आवेदन अस्वीकृत दिखने पर संभावना है कि ई-केवाईसी अधूरी हो या हालिया सत्यापन प्रक्रिया में आवेदन पात्र नहीं पाया गया हो। ऐसी स्थिति में पहले अपनी जानकारी की जांच करना जरूरी है।
Paid दिख रहा है लेकिन किस्त नहीं आई
कुछ मामलों में भुगतान जारी होने के बावजूद राशि उस बैंक खाते में पहुंच सकती है जो आधार से लिंक है लेकिन लाभार्थी नियमित रूप से इस्तेमाल नहीं करती। इसके अलावा बैंक खाता निष्क्रिय होना, फ्रीज होना या तकनीकी कारणों से भी भुगतान दिखाई देने में देरी हो सकती है। इसलिए आधार से जुड़े सभी बैंक खातों की जानकारी एक बार जरूर जांच लें।
भुगतान अटकने पर सबसे पहले ये जांच करें
यदि आसपास की अन्य महिलाओं को किस्त मिल गई है और आपके खाते में राशि नहीं पहुंची है तो सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि आपका बैंक खाता आधार से लिंक है और उसमें DBT सेवा सक्रिय है। इसके साथ समग्र आईडी और आधार की e-KYC भी पूरी होनी चाहिए। यदि इनमें कोई कमी है तो नजदीकी कियोस्क सेंटर या संबंधित पोर्टल के माध्यम से उसे अपडेट कराया जा सकता है।
समस्या बनी रहे तो कहां करें संपर्क
जरूरी दस्तावेज और बैंक विवरण सही होने के बाद भी भुगतान नहीं मिलता है तो योजना की आधिकारिक हेल्पलाइन 0755-2700800 पर संपर्क किया जा सकता है। वहां आवेदन की स्थिति की जांच कर आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाती है।
नए रजिस्ट्रेशन पर क्या है ताजा स्थिति
लाड़ली बहनों की नई किस्त जारी होने के बाद कई महिलाएं यह भी जानना चाहती हैं कि योजना में नए आवेदन कब शुरू होंगे। जानकारी अनुसार, फिलहाल राज्य सरकार की ओर से नए रजिस्ट्रेशन या ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में जो महिलाएं योजना में पहली बार जुड़ने का इंतजार कर रही हैं। उन्हें अभी कुछ समय और इंतजार करना पड़ सकता है। सरकार की ओर से नई तारीख जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
लाभार्थी सूची में ऐसे देखें अपना नाम
अगर आप यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि आपका नाम योजना की लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं। वहां 'अंतिम सूची' के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करें। रजिस्टर्ड नंबर पर आए OTP को सत्यापित करते ही लाभार्थी सूची स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी, जहां आप अपना नाम आसानी से देख सकती हैं।