खंडवा के सेल्स टैक्स कार्यालय में भीषण आग, रिकॉर्ड और फर्नीचर जलकर खाक। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में रविवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिला जेल के सामने स्थित सेल्स टैक्स (राज्य कर) कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी में दफ्तर के महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।
दोपहर में उठीं लपटें देख मचा हड़कंप
दोपहर करीब 2 बजे बिल्डिंग से काला धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर सबसे पहले पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रविवार का अवकाश होने के कारण दफ्तर बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
झाड़ियों की आग से भड़की या शॉर्ट सर्किट?
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि परिसर में सूखी झाड़ियों को जलाने के दौरान आग फैलकर बिल्डिंग तक पहुंच गई। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि, जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर ज्योति ब्रह्मे ने अलग बयान देते हुए कहा कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट भी हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि झाड़ियों में आग लगाना नियमित सफाई प्रक्रिया का हिस्सा होता है।
आधे घंटे में पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियां
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां करीब 30 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस आगजनी में सबसे ज्यादा नुकसान रिकॉर्ड रूम को हुआ है, जहां टैक्स से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। हालांकि, कंप्यूटर रूम सुरक्षित बताया जा रहा है, जिससे डिजिटल डेटा बचने की उम्मीद है।
नई इमारत में बड़ा नुकसान
बताया जा रहा है कि यह दो मंजिला भवन जून 2023 में ही बनकर तैयार हुआ था। यहां जिला और संभागीय स्तर के जीएसटी और सेल्स टैक्स से जुड़े कामकाज संचालित होते थे। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।