मध्य प्रदेश के कटनी में मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने से भोपाल आने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। रेलवे ने उन्हें डायवर्ट किया है, जिससे यात्रियों को देरी हो सकती है।
भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मण्डल में न्यू कटनी जंक्शन ए केबिन के यार्ड के पास शनिवार को मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। डब्बों के हटने से यू कटनी जंक्शन ए केबिन से गुजरने वाली आधा दर्जन ट्रेनें आंशिक रूप से प्रभावित हुई। इसके कारण ये ट्रेन डायवर्ट कर दी गई है। घटना के चलते बिलासपुर रूट की तरफ जाने वाली ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
पमरे के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के अनुसार इन ट्रेनों का ठहराव कटनी मुड़वारा की बजाय हरदुआ स्टेशन पर दो मिनट का अस्थाई हाल्ट दिया है। ये ट्रेनें डायवर्ट कर वाया झलवारा-एनकेजे-न्यू मझगवां फाटक ग्रेड सेपरेटर मार्ग से होकर गंतव्य को जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि रेल लाइन बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इसके साथ ही मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए जबलपुर से एक टीम मौके पर पहुंची है। वहीं, घटना के चलते कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
प्रभावित हुई ट्रेनें
इन ट्रेनों में 12823 दुर्ग-निजामुद्दीन छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति, 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर एक्सप्रेस, 11632 धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस, 18277 पूरी - योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस, 12853 दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस और 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है।
कैसे हुए हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कोयला से लदी मालगाड़ी बिलासपुर से पश्चिम बड़ौदा जा रही थी। तभी इसके छह डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का आकलन शुरू किया। पटरी से डिब्बे उतरने के कारण बिलासपुर की ओर जाने वाला रेल यातायात प्रभावित हुआ है। चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, जबकि दो ट्रेनों को 'शॉर्ट टर्मिनेट' और दो को 'शॉर्ट ओरिजिनेट' किया गया है।