सुबह के करीब 4:30 बजे... पूरा परिवार गहरी नींद में था। तभी अचानक अपार्टमेंट में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। चारों तरफ धुआं भर गया और लोगों के सामने जान बचाने के लिए बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं बचा। किसी ने साड़ी और चादर को रस्सी बनाया, तो कोई अपनी जान बचाने के लिए बालकनी से नीचे कूद गया। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
किसी ने साड़ी से बनाई रस्सी, तो कोई बालकनी से कूदा
हादसे के दौरान अपार्टमेंट में फंसे लोगों ने जान बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। कुछ लोग साड़ी और चादरों को बांधकर बालकनी से नीचे उतरे। वहीं, कुछ लोग सामने बने मकान की छत तक पहुंचने के लिए पटरा लगाकर बाहर निकले। बताया जा रहा है कि करीब 10 लोगों ने जान बचाने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी, जिससे कई लोग घायल हो गए।
एक बच्चे समेत दो की मौत, कई घायल
इस हादसे में 48 वर्षीय राखी साहू और 15 वर्षीय प्रांजुल बाथम की जान चली गई। प्रांजुल की मौत आग की चपेट में आने से हुई, जबकि राखी साहू तीसरी मंजिल से नीचे कूद गई थीं। इस दौरान वह नीचे खड़े वैभव गुप्ता पर जा गिरीं। राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैभव की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है.वहीं, प्रांजुल की मां नीता करीब 40 फीसदी तक झुलस गई हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपार्टमेंट में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इमारत बेहद संकरी, महज 5 से 6 फीट चौड़ी गली में बनी है और बाहर निकलने का सिर्फ एक रास्ता है। ऐसे में आग लगने के बाद लोगों को बाहर निकलने में काफी मुश्किल हुई.पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है।