Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > छत्तीसगढ़

Jashpur Ganja Seizure

जशपुर में 552 किलो गांजा जब्त, ओडिशा के ड्रग नेटवर्क पर छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत 552 किलो गांजा जब्त किया। ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार हुए और तीन लग्जरी कारें पकड़ी गईं। पुलिस बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है।


जशपुर में 552 किलो गांजा जब्त ओडिशा के ड्रग नेटवर्क पर छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Jashpur Crime News |

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कार्रवाई के दौरान 552 किलो गांजा जब्त कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। कार्रवाई में ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार हुए, जबकि तीन लग्जरी कारें भी जब्त की गईं। पुलिस को बड़े सिंडीकेट के सक्रिय होने की आशंका है।

मुखबिर की सूचना पर जिले के कई इलाकों में एक साथ नाकेबंदी की गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्करों ने बचने की कोशिश की, लेकिन अलग-अलग कार्रवाई में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मामले की कड़ियां अब ओडिशा से जुड़े एक संगठित तस्करी नेटवर्क तक पहुंचती दिखाई दे रही हैं।

नाकेबंदी में तस्करों की भागने की कोशिश नाकाम

जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ के रास्ते दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। इसके बाद कुनकुरी, नारायणपुर, बगीचा और कांसाबेल में एक साथ नाकेबंदी की गई। कुनकुरी के जय स्तंभ के पास पुलिस ने एक इनोवा कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर भाग निकला। पीछा करने पर वह बोड़ोछापर गांव के पास कार छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। कार की तलाशी में 311 किलो गांजा बरामद हुआ।

तीन लग्जरी कारों से मिला 552 किलो गांजा

दूसरी कार्रवाई में संदिग्ध ब्रेजा कार ने भी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। बगीचा थाना क्षेत्र के डोड़की नदी के पास पहले से मौजूद पुलिस बल की नाकेबंदी देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। तीसरे मामले को मिलाकर पुलिस ने कुल 552 किलो गांजा जब्त किया। इस दौरान तीन ओडिशा पंजीयन वाली लग्जरी कारें भी कब्जे में ली गईं, जिनका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।

दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बराखाई गांव निवासी सचिंद्र राउत (29) और मेहताब रोड निवासी मोहम्मद सगीर (26) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश भी कर रही है।

ओडिशा के सिंडीकेट पर पुलिस की नजर

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जब्त की गई तीनों कारें ओडिशा की हैं और गिरफ्तार आरोपी भी वहीं के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में फरार तस्करों के भी ओडिशा से जुड़े होने की जानकारी मिली है। इससे एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग सिंडीकेट के सक्रिय होने की आशंका मजबूत हुई है। पुलिस अब ओडिशा पुलिस के साथ समन्वय कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी कर रही है।

ऑपरेशन आघात रहेगा जारी

जशपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ शुरू किया गया 'ऑपरेशन आघात' आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस सिर्फ तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

Related to this topic: