गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी के पास ट्रेन हादसे से पहले एक रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो सामने आया है। बुधवार सुबह दिगारू में कोलकाता सैरंग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आईं और उनका इलाज चल रहा है। इंजन के अंदर रिकॉर्ड हुए वीडियो में लोको पायलट ब्रेक न लगने की बात कहता सुनाई देता है।
अचानक ब्रेक फेल हुए और पटरी से उतरी ट्रेन
ईस्टर्न रेलवे के अधिकारी के मुताबिक कोलकाता से मिजोरम के आइजोल के पास सैरंग जा रही यह ट्रेन कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के दिगारू स्टेशन के पास सुबह पटरी से उतर गई। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी दिन में बताया था कि 5 डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे और चार लोगों को मामूली चोट आई।
वीडियो में पायलट की घबराहट वाली आवाज
वीडियो में दिखता है कि ट्रेन तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है। लोको पायलट उसे रोकने की कोशिश करता है, पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है और ट्रेन बेकाबू होती जाती है। इंजन के शीशे से पटरी के किनारे लगी लाल बत्तियाँ भी दिखाई देती हैं। पायलट को यह कहते सुना जा सकता है कि स्पीड कम नहीं हो रही। सिग्नल रेड है, इमरजेंसी लगाई हुई है, लेकिन कुछ काम नहीं कर रहा।
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार हादसा तब हुआ जब ट्रेन दिगारू स्टेशन में दाखिल हो रही थी। प्रवक्ता के मुताबिक लोको पायलट ने दूसरी ट्रेन को पहले निकलने का मौका दिया, पर वह अपनी ट्रेन की रफ्तार को काबू नहीं कर सका।
Assam—Digaru Rail हादसा— TRAIN के लोको पायलट और असिस्टेंट पायलट की बहादुरी और सूझ बूझ ने हजारों यात्रियों के जान माल की रक्षा की है.. अगर लोको पायलट ने Train No. 13125 Kolkata - Sairang Express के लोकोमोटिव कैब के अंदर से इमरजेंसी ब्रेक फेल होने का यह वीडियो नहीं बनाया होता तो सारी गलती उसी पर मढ़ दी जाती और उसे बलि का बकरा बना कर #Reel मंत्री और उनका मंत्रालय अपने हाथ खड़े कर लेता... जबकि यह पूरी तरह से सरकार और सिस्टम की गलती और लापरवाही का नतीजा है. यह सीधे तौर पर मेंटेनेंस, मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट और सिस्टम की तकनीकी लापरवाही है. सिग्नल रेड होने के बावजूद और Emergency Brake / N9 लगाने पर भी ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हुई और ब्रेक सिस्टम काम नहीं किया. लोको पायलट और सह पायलट ने अपनी जान बचाने के लिए कैब छोड़ने के बजाय आखिरी वक्त तक ट्रेन को नियंत्रित करने और स्थिति से जूझने का प्रयास किया. अगर मिज़ोरम से कोलकाता जा रही कोलकाता - सैयारांग एक्सप्रेस ट्रेन को डीरेल नहीं किया जाता तो ट्रेन अनियंत्रित गति से आगे बढ़ती रहती और किसी अन्य ट्रेन से टकरा जाती या किसी गहरी खाई–पुल से गिर जाती, "जनहानि" का आंकड़ा बहुत बड़ा हो जाता. जब ब्रेक पूरी तरह फेल हो जाएं और सामने लाल सिग्नल या अन्य ट्रेन मौजूद हो, तो ऐसे क्रिटिकल मोमेंट पर त्वरित निर्णय लेना अत्यंत कठिन और साहसिक होता है. जानबूझकर ट्रेन को लूप लाइन, ट्रैप साइडिंग या निर्धारित डायवर्शन पर उतारने से गति पर तेजी से नियंत्रण पाने में मदद मिलती है, जिससे ट्रेन की भीषण टक्कर टल जाती है. सोचिए जरा की सरकार और उसकी व्यवस्था के लिए आम लोगों की जान की कीमत कुछ भी नहीं.. तभी तो मेंटेनेंस,स्पेयर पार्ट्स, समय पर सर्विसिंग,तकनीकी खामियों और निरीक्षण को यूं ही नजरअंदाज कर दिया जाता है. WAP 7 जैसे आधुनिक इंजनों में माइक्रोप्रोसेसर-नियंत्रित और अत्यधिक सुरक्षित ब्रेक सिस्टम होने का दावा किया जाता है. ऐसे में यदि सारे fail-safes एक साथ काम करना बंद कर देते हैं तो हादसा कितना बड़ा हो सकता है. शुक्र है ड्राइवर की कर्तव्यपरायणता और जांबाज फैसले का, कि जिसने एक बड़ी संभावित त्रासदी को टालने में अहम भूमिका निभाई जिससे कि महज़ 5–6 डिब्बे ही डिरेल हुए और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं. #KolkataSairangExpress #RailwayNegligenc #LocoPilotHero #DigaruAccident
— Ruby Arun रूबी अरुण (@arunruby08) November 11, 2026
ट्रेन में बंगाल के 300 से ज्यादा यात्री थे
ईस्टर्न रेलवे के अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में पश्चिम बंगाल से 300 से ज्यादा यात्री सवार थे। ये लोग कोलकाता, नैहाटी, कृष्णानगर, मालदा और कटिहार डिवीजनों के स्टेशनों से चढ़े थे और गुवाहाटी से आगे का सफर कर रहे थे। हादसे के बाद ये यात्री वहीं फंस गए। अधिकारी का कहना है कि घटना में किसी कीजान जाने की खबर नहीं है। ईस्टर्न रेलवे के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
दूसरी ट्रेन से भेजे गए यात्री
यात्रियों और उनके परिवारों को मदद और जानकारी देने के लिए सियालदह, अलीपुरद्वार, नैहाटी और बेरहामपुर कोर्ट स्टेशनों पर हेल्पडेस्क बनाए गए थे। एनएफआर के प्रवक्ता के मुताबिक यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है।