कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब स्टेशन से निकली चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन संख्या 15003 के बी 4, बी 5, बी 6 और बी 7 कोच स्टेशन छोड़ने के करीब दो मिनट बाद पटरी से उतरे। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई।
प्लेटफॉर्म सात से चली, दो मिनट बाद उतरे कोच
रेलवे के मुताबिक ट्रेन बुधवार शाम प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची थी और वहां से शाम 5 बजकर 3 मिनट पर रवाना हुई। करीब 5 बजकर 5 मिनट पर स्टेशन से आगे बढ़ते समय चार कोच की एक एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। हादसे की खबर फैलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कानपुर से गोरखपुर जा रही 15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पटरी से उतरी। कोई हताहत नहीं। #Kanpur #IndianRailways #Derailment @NBTLucknow https://t.co/yxsxBFjSnd
— Praveen Mohta (@MohtaPraveenn) November 11, 2026
मौके पर पहुंची टीमें, प्रयागराज से अफसर रवाना
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव का काम शुरू करने के साथ सुरक्षा से जुड़ी कार्रवाई भी की गई। प्रयागराज से वरिष्ठ रेल अधिकारी भी कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। कानपुर के डिप्टी सीटीएम की अगुवाई में राहत कार्य चल रहा है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए रेलवे जरूरी कार्रवाई कर रहा है।
यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर
रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। कानपुर सेंट्रल के लिए 0512 2323018, 0512 2323016 और 0512 2323015 है। प्रयागराज जंक्शन के लिए 0532 2408128, 0532 2407353 और 0532 2408149 है। फतेहपुर के लिए 9151833006 जारी किया गया है।