मध्य प्रदेश के जबलपुर से दर्दनाक हादसा सामने आया है। बरगी बांध में एक क्रूज डूबने से हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त क्रूज में 30 लोग सवार थे। हादसे के बाद रेस्क्यू मिशन शुरू कर दिया गया है।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एक क्रूज अचानक पानी में डूब गया, जिसमें करीब 30 लोग सवार थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुट गई हैं।
दरअसल, तेज आंधी और बारिश के बीच हुए इस हादसे ने स्थानीय प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है। शुरुआती जानकारी में मौसम को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। क्रूज पलटने से सवार 30 लोगों में से 15 तैरकर बाहर निकल आए। वहीं, एसडीआरएफ के रेस्क्यू मिशन के दौरान 4 शव मिलने की पुष्टि हुई है। वहीं, 4 लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनकी तलाश की जा रही है।
तेज आंधी में बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि शाम के समय अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई थी। इसी दौरान क्रूज बरगी बांध की ऊंची लहरों में फंस गया। पानी का दबाव और हवा की तेज रफ्तार ने क्रूज का संतुलन बिगाड़ दिया। कुछ ही मिनटों में स्थिति बेकाबू हो गई और क्रूज डूबने लगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों को भी रेस्क्यू में लगाया गया है। मोटर बोट और स्पीड बोट की मदद से डूबे हुए लोगों की तलाश की जा रही है। रेस्क्यू टीम लगातार पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
इस हादसे ने पर्यटन गतिविधियों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 30 लोगों को लेकर चल रहे क्रूज की निगरानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम खराब होने के बावजूद नौकायन जारी रखना लापरवाही की ओर इशारा करता है। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच की बात कह रहा है।
मौसम बना हादसे की वजह
शुरुआती जांच में तेज आंधी और बारिश को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। अचानक बदले मौसम ने जलयात्रा को खतरनाक बना दिया। अब यह भी देखा जा रहा है कि क्या मौसम अलर्ट के बावजूद क्रूज संचालन जारी था। यह पहलू जांच के दायरे में है और आने वाले समय में स्थिति और साफ होगी।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
बरगी डैम में हुए क्रूज डूबने वाले हादसे पर सीएम मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स पर घटना को लेकर ट्वीट पोस्ट किया है। पढ़िए उन्होंने क्या लिखा है।