Jabalpur News: संस्कारधानी जबलपुर में साहित्य और पत्रकारिता की प्रतिभाओं का भव्य संगम देखने को मिला। साहित्यिक संस्था ‘कादम्बरी’ की ओर से आयोजित अखिल भारतीय साहित्यकार/पत्रकार अलंकरण-सम्मान समारोह 2026 में देशभर से आए 129 साहित्यकारों, रचनाकारों और पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के साहित्यकार एवं कवि सीताराम बघेल को भी साहित्यिक योगदान के लिए अलंकरण प्रदान किया गया।

कवि सीताराम बघेल को मिला सम्मान

समारोह में मुरैना के साहित्यकार और कवि सीताराम बघेल को स्व• हनुमान प्रसाद शर्मा सम्मान से सम्मानित किया किया गया। सम्मान पत्र में उनके साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से संस्कृति, संस्कार और जीवन-मूल्यों को सारगर्भित अभिव्यक्ति प्रदान की है।उनकी साहित्यिक साधना और रचनात्मक योगदान को सराहते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से मुरैना सहित मध्यप्रदेश के साहित्यिक जगत में हर्ष का माहौल है।

129 प्रतिभाओं को मिला अलंकरण
अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस समारोह में साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 129 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वर्गीय शंकर लाल साहू स्मृति सम्मान, स्वर्गीय श्रवण कुमार दीपावरे सम्मान सहित विभिन्न अलंकरण प्रदान किए गए।समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और पत्रकारों ने सहभागिता की। इस आयोजन ने साहित्यिक अभिव्यक्ति और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने का अवसर प्रदान किया।
साहित्यिक विरासत को सहेजने का मंच बना समारोह
आचार्य भगवत दुबे की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह का संयोजन महासचिव राजेश पाठक ‘प्रवीण’ ने किया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और पत्रकारिता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।समारोह का उद्देश्य साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत, संस्कारों और जीवन-मूल्यों को संरक्षित रखने के प्रयासों को सम्मान देना रहा।जबलपुर में आयोजित यह अलंकरण समारोह साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।