विशाखापत्तनम से आ रही इंडिगो फ्लाइट में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद इसकी दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी 161 यात्री सुरक्षित हैं।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी की सूचना मिली। उड़ान के दौरान इंजन में गड़बड़ी की आशंका जताई गई, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी। इस घोषणा के साथ ही एयरपोर्ट पर मौजूद सभी आपातकालीन एजेंसियों – दमकल, मेडिकल टीम और सुरक्षा कर्मियों – को हाई अलर्ट पर रखा गया।
बड़ा हादसा समय पर टला
इस फ्लाइट का नंबर 6E-579 है, जो सुबह करीब 10 बजकर 54 मिनट पर रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग से पहले ही रनवे पर दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस तैनात कर दी गई थीं, ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके। पायलट की समझदारी और एयरपोर्ट स्टाफ की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
फ्लाइट पर कुल 161 लोग सवार
इस फ्लाइट में कुल 161 लोग मौजूद थे। लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनकी जांच के बाद उन्हें आगे की यात्रा के लिए भेज दिया गया। फिलहाल सभी हालात पर काबू पा लिया गया है और किसी भी यात्री को चोट लगने की खबर अभी तक सामने नहीं आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद यह आपात स्थिति बनी। इंडिगो की तकनीकी टीम अब विमान की जांच कर रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।