उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक अनोखी शादी हुई जहां घायल दुल्हन अस्पताल के ICU में भर्ती थी। हालत गंभीर होने के बावजूद दूल्हे ने अस्पताल में ही उसकी मांग भरकर शादी पूरी की।
गोरखपुर से एक ऐसी शादी की कहानी सामने आई है जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। जहां आमतौर पर शादी मंडप में होती है, वहीं इस बार पूरा रस्म अस्पताल के ICU में निभाया गया। एलएलबी की परीक्षा देकर लौट रही दुल्हन अचानक सड़क हादसे में घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। लेकिन दोनों परिवारों ने शादी टालने के बजाय उसी दिन इसे पूरा करने का फैसला लिया। इसके बाद जो हुआ, वह सामान्य शादी की परिभाषा से बिल्कुल अलग था।
परीक्षा के बाद हादसे ने बदली कहानी
गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र की पूजा यादव 13 मई को अपने भाई के साथ परीक्षा देकर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसे अचानक चक्कर आया और वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सिर में चोट लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ICU में भर्ती कर दिया। शादी के दिन आई इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जहां एक तरफ तैयारियां चल रही थीं। वहीं, दूसरी तरफ दुल्हन की हालत को लेकर चिंता बढ़ गई।
अस्पताल बना शादी का मंडप
स्थिति गंभीर होने के बावजूद दोनों परिवारों ने शादी की रस्में रोकने के बजाय उन्हें नए तरीके से निभाने का फैसला किया। दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंचा। दुल्हन ICU के बेड पर थी और वहीं पर शादी की तैयारी शुरू हुई। डॉक्टरों की मौजूदगी में दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा और शादी की रस्म पूरी की गई। पंडित ने मंत्रों के साथ सात वचन भी दिलाए।
भावनाओं के बीच निभाई गई रस्में
अस्पताल में शादी पूरी होने के बाद दूल्हा अपने गांव लौटा और वहां बाकी पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। इससे पहले शाम को बारात दुल्हन के गांव भी पहुंची थी, जहां द्वारपूजा और अन्य रीति-रिवाज निभाए गए थे। पूरा आयोजन एक असामान्य लेकिन भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ। इसने दोनों परिवारों की संवेदनशीलता को दर्शाया।
गोरखपुर में चर्चा का विषय बनी शादी
यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे हालात के बीच निभाए गए रिश्ते की मिसाल के तौर पर देख रहे हैं। जहां एक तरफ दुल्हन अस्पताल में थी। वहीं, दूसरी तरफ शादी की रस्में ICU में पूरी कर यह संदेश दिया गया कि मुश्किल हालात भी रिश्तों को रोक नहीं पाते।