गाजियाबाद में पति ने किया डबल मर्डर। घर पर रचा मौत का जाल, पत्नी के अफेयर से था परेशान और फिर घर पर बुलाया बॉयफ्रेंड, दोनों को उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी इलाके से एक बेहद शॉकिंग और सनसनीखेज डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित बॉयफ्रेंड को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों की लाश कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
12 बजे घटना को दिया अंजाम
घटना सोमवार रात करीब दो बजे की है। घर में से जोर-जोर से लड़ाई-झगड़े की आवाज पड़ोसियों को आ रही थी। लेकिन कुछ समय बाद घर से फायरिंग की आवाज आई और चारों तरफ हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत 112 फोन करके पुलिस को बुलाया और पुलिस ने जैसे ही दरवाजा खोला, सभी की आंखें फटी की फटी रह गईं।
अंदर का नजारा बेहद डरावना था। कमरे के फर्श पर 36 साल की शबनम की लाश पड़ी थी, जबकि थोड़ी ही दूरी पर 32 साल का फहीम खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने तुरंत पूरे घर को घेरकर जांच शुरू की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति बना हत्यारा
पुलिस ने मामले की जांच की, तो सामने आया कि वारदात को अंजाम शबनम के पति राशिद (38) ने दिया है, जो घटना करने के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और कई टीमों को भी लगाया गया है।
बीवी का अफेयर
जानकारी के अनुसार, राशिद और शबनम के सात बच्चे हैं और दोनों अपने परिवार के साथ इलाके में रहते थे। राशिद लकड़ी का काम करता था, जबकि फहीम भी उसी के साथ काम करता था और उसका घर भी पास में ही था। बताया जा रहा है कि फहीम का राशिद के घर आना-जाना काफी समय से था और इसी दौरान शबनम और फहीम के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
पति ने घर बिछाया जाल
पड़ोसियों का कहना है कि पिछले करीब दो साल से दोनों के बीच अफेयर चल रहा था। कुछ दिन पहले राशिद को इस रिश्ते के बारे में पता चल गया था, जिसके बाद घर में अक्सर झगड़े होने लगे थे। बताया जा रहा है कि इसके बाद फहीम ने घर आना भी कम कर दिया था, लेकिन सोमवार रात राशिद ने खुद उसे फोन कर घर बुलाया। जांच में यह भी सामने आया है कि जैसे ही फहीम घर पहुंचा, तीनों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि राशिद ने गुस्से में पिस्टल निकाल ली और पहले अपनी पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद उसने फहीम को भी गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि इस वारदात के समय घर में एक बच्चा मौजूद था, जबकि बाकी छह बच्चे दूसरे मकान में थे। सभी बच्चे अभी छोटे बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस वारदात को लेकर काफी हैरान हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।