फ्रांस की छायाकार लिलियन क्लेमेंट ने उमरिया में ट्रेनों के ठहराव की स्वदेश मुहिम का समर्थन किया। बांधवगढ़ की हरियाली और शेरों को बताया विश्वस्तरीय आकर्षण।
उमरिया में अधिक ट्रेनों के ठहराव की मुहिम चला रहा स्वदेश
बांधवगढ़ के शेर और उमरिया की हरियाली को भाते हैं विदेशी सैलानी
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बांधवगढ़ में पर्यटक आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए ‘स्वदेश’ पिछले कुछ दिनों से उमरिया में अधिक से अधिक ट्रेनों के ठहराव की मुहिम चला रहा है। इस अभियान को अब अंतरराष्ट्रीय समर्थन भी मिलने लगा है। फ्रांस की प्रसिद्ध छायाकार लिलियन क्लेमेंट ने इस पहल के लिए ‘स्वदेश’ की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया है।
बता दें कि लिलियन क्लेमेंट वर्ष 2019 में उमरिया जिले के बांधवगढ़ आई थीं। टाइगर रिजर्व में भ्रमण करने के साथ-साथ उन्होंने यहां के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया था। इसी दौरान ‘स्वदेश’ से उनका ऐसा जुड़ाव बना कि वे आज भी समाचार-पत्र के संपर्क में हैं। उनका कहना है कि “भारत मेरा दूसरा घर है और उमरिया मेरे हृदय में बसता है।”
उमरिया में अधिक समय बिताना चाहती हैं लिलियन
लिलियन क्लेमेंट को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के शेर और हरियाली से भरा प्राकृतिक वातावरण इतना पसंद आया कि वे यहां अधिक समय बिताना चाहती हैं। उनका कहना है कि बांधवगढ़ केवल इसलिए अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल नहीं है कि यह बाघों की आरामगाह है, बल्कि यहां की हरियाली, शांत वातावरण और शीतल हवाएं भी पर्यटकों के मन में हमेशा के लिए बस जाती हैं।वे कहती हैं कि यहां आने पर उन्हें अभूतपूर्व मानसिक शांति मिलती है। यही कारण है कि वे बार-बार बांधवगढ़ आना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उमरिया में ट्रेनों के अधिक ठहराव के लिए ‘स्वदेश’ जो मुहिम चला रहा है, वह बेहद सराहनीय है।
सड़क मार्ग से यात्रा में होती है परेशानी
लिलियन क्लेमेंट ने कहा कि उमरिया पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थान है, लेकिन सड़क मार्ग से यहां पहुंचना कई बार असुविधाजनक हो जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें और उनके साथियों को बांधवगढ़ यात्रा के दौरान सड़क मार्ग से जबलपुर जाना पड़ा, जो लंबी और थकाऊ यात्रा साबित हुई।उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत समस्या नहीं थी, बल्कि उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य विदेशी पर्यटकों ने भी यात्रा संबंधी कठिनाइयों का सामना किया। ऐसे में उमरिया में अधिक ट्रेनों का ठहराव पर्यटन को नई गति दे सकता है।