CM Mohan Yadav launched the Balram Krishi Mahotsav in Indore, announcing significant agricultural reforms including 0% interest loans for farmers.
मध्य प्रदेश में किसानों की समृद्धि और उनकी आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ इंदौर में 'बलराम कृषि महोत्सव' का भव्य शुभारंभ हुआ। इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने कृषि विभाग, एमएसएमई, लघु एवं कुटीर उद्योग सहित 16 विभागों को जोड़कर एक समन्वित व्यवस्था तैयार की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार देश की उन्नति के लिए किसानों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में किसानों को भारी ब्याज चुकाना पड़ता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार उन्हें 0 प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करा रही है। साथ ही, किसान क्रेडिट कार्ड की अवधि 6 महीने से बढ़ाकर 1 वर्ष कर दी गई है। अब किसानों को हर 6 महीने में अपना खाता पलटने की आवश्यकता नहीं होगी।
कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने, प्रसंस्करण, विपणन और रोजगार से जोड़ने का व्यापक अभियान है, जिसे अब पूरे प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।
किसानों को दिन में मिलेगी बिजली, 65 लाख हेक्टेयर सिंचित भूमि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। प्रदेश की 250 से अधिक नदियाँ लाखों लोगों के जीवन को समृद्ध बनाती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने नर्मदा जैसी जीवनदायिनी नदी के जल का समुचित उपयोग नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नर्मदा घाटी परियोजनाओं को नई गति मिली। अनेक योजनाओं ने मालवा अंचल को सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराया तथा प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता को भी मजबूत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान की समृद्धि का आधार पानी, बिजली और सड़क है। उन्होंने बताया कि किसानों को अब रात्रि के बजाय दिन में कृषि बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और खेती करना अधिक सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इस वर्ष गेहूं की खरीदी 2,625 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर की गई।
इंदौर से आबू धाबी के लिए हवाई सेवा का शुभारंभ
इंदौर। मध्य प्रदेश ने अंतरराष्ट्रीय विमानन और वैश्विक संपर्क के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय डायरेक्ट हवाई सेवा इंदौर-आबू धाबी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, इंदौर से मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्तपोषित इस नियमित उड़ान को झंडी दिखाकर रवाना किया।
फिलहाल यह सेवा सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार) संचालित होगी। डॉ. यादव ने कहा कि पहले इंदौर से आबू धाबी जाने में करीब 8 घंटे लगते थे, जबकि अब सीधी हवाई सेवा से यह दूरी केवल 3 घंटे 15 मिनट में पूरी हो जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आबू धाबी जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास भी वितरित किए। इस रूट का संचालन टाटा समूह और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जा रहा है।